सकलडीहा और सैयदराजा पुलिस की बड़ी कामयाबी: शादी का झांसा देकर भगाने वाला और गोकशी का आरोपी चढ़ा हत्थे

 

चंदौली पुलिस ने अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। सकलडीहा पुलिस ने नाबालिग को भगाने वाले पॉक्सो एक्ट के वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लड़की को बरामद किया, वहीं सैयदराजा पुलिस ने गोवध मामले के आरोपी को पकड़ा।

 
 

चंदौली पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

पॉक्सो एक्ट का आरोपी गिरफ्तार

अपहृत नाबालिग सकुशल हुई बरामद

गोवध अधिनियम में वांछित आरोपी पकड़ाया

पुलिस ने आरोपियों को भेजा जेल

चंदौली जिले में उच्चाधिकारियों के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कामयाबी मिली है। सकलडीहा थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर भगाने वाले आरोपी को गिरफ्तार करते हुए अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया है। वहीं दूसरी ओर, सैयदराजा थाना पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम के तहत वांछित चल रहे एक शातिर आरोपी को उसके घर से धर दबोचा है।

शादी का झांसा देकर भगाने वाला आरोपी चढ़ा हत्थे
सकलडीहा थाना क्षेत्र के महेशुआ (नई बाजार) गांव से बीते 11 जुलाई 2026 को एक नाबालिग लड़की को गांव का ही रहने वाला 27 वर्षीय गोविंद राय पुत्र दुलारे राय बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने बीएनएस और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 2 अगस्त 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी गोविंद राय को गिरफ्तार कर लिया और नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।

गोकशी के मामले में वांछित आरोपी पिपराकला से गिरफ्तार
वहीं दूसरे मामले में, सैयदराजा थाना पुलिस ने गोवध के मुकदमे में काफी समय से वांछित चल रहे आरोपी रवि कुमार उर्फ निठोहर को पिपराकलां गांव (थाना बबुरी) स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में उप-निरीक्षक रामकुमार दुबे की टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर 1 अगस्त की शाम यह कार्रवाई की। आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता और गोवध निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज था।

पूछताछ में खुला गोकशी का खेल और साझीदारी
पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में आरोपी रवि कुमार ने बड़ा खुलासा किया। उसने बताया कि उसने एक बोलेरो गाड़ी स्टांप (बेचीनामा) पर ली थी, जिसका इस्तेमाल वह गोकशी के लिए करता था। पुलिस के डर से बाद में उसने यह गाड़ी गंजख्वाजा निवासी गोविंद कुमार गुप्ता को दे दी। इसके बाद दोनों मिलकर वाहन का इस्तेमाल अवैध गोकशी में करते थे और उससे होने वाली कमाई आपस में बराबर बांट लेते थे। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।