प्यार में धोखा पड़ा महंगा, शादी का झांसा देकर लड़की भगाने वाला परमात्मा गिरफ्तार

 

चंदौली जिले की सकलडीहा पुलिस ने शादी का झूठा वादा कर युवती का शारीरिक शोषण करने और जान से मारने की धमकी देने वाले शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

 
 

शादी का झूठा वादा कर शोषण

सकलडीहा पुलिस ने आरोपी को दबोचा

इटवा गांव का निवासी है अभियुक्त

पीड़िता को जान से मारने की धमकी

चंदौली: जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सकलडीहा कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने शादी का झूठा वादा कर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से मुकरने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।

शादी का झांसा देकर किया शारीरिक शोषण
पीड़िता की तहरीर पर सकलडीहा थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 94/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87, 69, 352 और 351(3) के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया था। आरोपी पर आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने उस पर शादी करने का दबाव बनाया, तो उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके अलावा, उसने पीड़िता के साथ गाली-गलौज की और उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

इटवा गांव का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के आला अधिकारियों के निर्देश पर सकलडीहा पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान 23 वर्षीय परमात्मा उर्फ सागर मौर्या उर्फ गोपी पुत्र नौरंग के रूप में हुई है, जो सकलडीहा थाना क्षेत्र के ग्राम इटवा का निवासी है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेज दिया है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में सकलडीहा थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद, उप निरीक्षक अभिमन्यु राय, हेड कांस्टेबल राजेंद्र प्रसाद और कांस्टेबल रोहित कुमार गौंड शामिल रहे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप है।