रीलबाज और सोशल मीडिया गैंग्स पर 'ऑपरेशन वज्रपात', 64 गैंग्स पर पुलिस का शिकंजा, 187 पर FIR से हड़कंप
चंदौली में सोशल मीडिया पर गैंग बनाकर हथियारों का प्रदर्शन करने और दबंगई दिखाने वालों के खिलाफ पुलिस ने 5 दिवसीय विशेष अभियान "ऑपरेशन वज्रपात" चलाकर 64 गैंग को चिन्हित किया है। इस कार्रवाई में 187 लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है।
चंदौली पुलिस का 'ऑपरेशन वज्रपात' अभियान
सोशल मीडिया के 64 गैंग्स चिन्हित
कुल 187 नामजद आरोपियों पर कार्रवाई
चार शातिर रीलबाज अभियुक्त गिरफ्तार
व्हाट्सएप बॉट पर शिकायत की अपील
चंदौली जिले में इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गैंग बनाकर हथियारों का प्रदर्शन करने, दबंगई दिखाने और आपराधिक छवि का प्रचार करने वालों की अब खैर नहीं है। वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) श्री वैभव कृष्ण के निर्देश पर चंदौली पुलिस ने 1 जून 2026 से 5 जून 2026 तक 5 दिवसीय विशेष अभियान "ऑपरेशन वज्रपात" चलाया। इस बड़े अभियान के तहत पुलिस ने युवाओं को गुमराह करने वाले और समाज में भय का माहौल बनाने वाले तत्वों के खिलाफ भारी कानूनी कार्रवाई की है।
चंदौली पुलिस का 'ऑपरेशन वज्रपात' अभियान
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) June 7, 2026
सोशल मीडिया के 64 गैंग्स चिन्हित
कुल 187 नामजद आरोपियों पर कार्रवाई@chandaulipolice @adgzonevaranasi @IgRangeVaranasi @Uppolice pic.twitter.com/2YA0fcC8B3
64 सोशल मीडिया गैंग चिन्हित, 187 नामजद लोगों पर बड़ी कार्रवाई
अभियान के दौरान समस्त क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों ने बीट पुलिसकर्मियों के सहयोग से फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर सक्रिय ऐसे 64 गैंग और ग्रुपों को चिन्हित किया, जो समाज में अपना दबदबा या खौफ पैदा करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुल 49 मुकदमे पंजीकृत किए हैं। इन मामलों में 187 नामजद लोगों के खिलाफ प्रभावी विधिक कार्रवाई की गई है, जिनमें से 4 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि 65 अन्य सदस्यों को चिन्हित कर जांच जारी है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बलुआ थाने के बड़गावां निवासी आमिर अहमद (24 वर्ष), मुगलसराय के रम्मन सोनकर (48 वर्ष) व प्रांशु चौहान (23 वर्ष) और नौगढ़ थाने के अमृतपुर निवासी संतोष यादव (33 वर्ष) शामिल हैं। जिले के लगभग सभी थानों में मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जिनमें सबसे ज्यादा धानापुर और मुगलसराय में 6-6 तथा चंदौली व बलुआ में 5-5 एफआईआर दर्ज की गई हैं।
जनता से पुलिस की अपील: गोपनीय नंबरों पर तुरंत दें सूचना
चंदौली पुलिस ने आम जनता और नागरिकों से अपील की है कि अगर उनके आसपास कोई भी व्यक्ति या समूह सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करता है या डराता-धमकाता है, तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाने को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसके अलावा, लोग अपनी शिकायत वाराणसी जोन के आधिकारिक व्हाट्सएप बॉट नंबर 7839860411 पर भी घर बैठे पूरी गोपनीयता के साथ दर्ज करा सकते हैं।
अपराध के खिलाफ चंदौली पुलिस की 'जीरो टॉलरेंस' नीति
पुलिस अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि रील्स या पोस्ट के जरिए अराजकता फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। चंदौली पुलिस सोशल मीडिया के हर संदिग्ध अकाउंट पर पैनी नजर रख रही है। जिले में शांति, सुरक्षा और सुदृढ़ कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अपराध के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति के तहत आगे भी ऐसी कठोर विधिक कार्रवाई जारी रखेगी।