पशु तस्करों ने पुलिस टीम पर किया हमला, पिकअप में 5 जानवर बरामद, पशु तस्कर भी गिरफ्तार

 

चंदौली के सैयदराजा में चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश करने वाले पशु तस्कर को पुलिस ने दबोचा। पिकअप से 5 गोवंश और धारदार चापड़ बरामद किया गया।

 
 

सैयदराजा पुलिस की बड़ी चेकिंग कार्रवाई

तस्कर ने पुलिस पर चढ़ाई पिकअप

5 गोवंश और धारदार चापड़ बरामद

जौनपुर का शातिर अभियुक्त हुआ गिरफ्तार

पशु क्रूरता और बीएनएस में केस दर्ज

 चंदौली जिले में पुलिस की सतर्कता से पशु तस्करी की एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भगवानपुर रेलवे फाटक के पास चेकिंग के दौरान 5 गोवंशों को क्रूरता से मुक्त कराया। इस दौरान भागने के चक्कर में तस्कर ने पुलिसकर्मियों पर ही वाहन चढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन सूझबूझ से जवानों की जान बच गई।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
बुधवार, 04 नवंबर 2026 को सैयदराजा थाना पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में गोवंशों को वध के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने भगवानपुर रेलवे फाटक के पास सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। कुछ ही देर में संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो मैक्स पिकअप (संख्या UP 50 ET 3086) आती दिखी। जब पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की।

पैंथर मोबाइल टीम पर चढ़ाने का प्रयास, टला बड़ा हादसा
भाग रहे तस्कर को रोकने के लिए पैंथर मोबाइल टीम के कर्मचारियों ने प्रयास किया। इस पर बौखलाए चालक ने जान से मारने की नीयत से पुलिसकर्मियों के ऊपर ही अपनी पिकअप चढ़ाने की कोशिश की। हालांकि, जवानों ने त्वरित सूझबूझ और प्रशिक्षण का परिचय देते हुए खुद को बचाया। हाईवे और सर्विस लेन के बीच भागने के चक्कर में गाड़ी नाले के डिवाइडर से टकरा गई, जिससे दाहिना अगला टायर फट गया और पिकअप अनियंत्रित होकर रुक गई।

5 गोवंश, धारदार चापड़ और की-पैड मोबाइल बरामद
गाड़ी रुकते ही पुलिस टीम ने मौके को घेर लिया और वाहन की तलाशी ली। पिकअप के अंदर से क्रूरतापूर्वक लादे गए 01 पिकअप वाहन में कुल 05 गोवंश, एक धारदार चापड़ और एक की-पैड मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से ही एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान जौनपुर जिले के थाना सरपतहां अंतर्गत ग्राम पट्टी नरेंद्रपुर निवासी रतन कुमार (23 वर्ष) पुत्र स्व. राम सूरत राम के रूप में हुई है।

जौनपुर के अभियुक्त पर दर्ज हैं कई संगीन मुकदमे
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त रतन कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर पहले से ही जौनपुर के शाहगंज थाने में आर्म्स एक्ट का मुकदमा (मु.अ.सं.-409/2024) दर्ज है। वहीं सैयदराजा थाने में उस पर मुकदमा अपराध संख्या-326/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास) और आयुध अधिनियम (आर्म्स एक्ट) के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस साहसिक कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक धर्मदेव प्रसाद और कांस्टेबल शंकर प्रसाद, बृजेश चौहान, अम्रेंद्र पटेल व राबिन्स विश्वकर्मा शामिल रहे।