चंदौली पुलिस का 'ऑपरेशन क्लीन': सैयदराजा में 1.94 करोड़ रुपये की अवैध शराब और बीयर जमींदोज
चंदौली की सैयदराजा पुलिस ने 'ऑपरेशन क्लीन' के तहत 25 मुकदमों की 24,247 लीटर अवैध शराब पर बुलडोजर चलाकर विनष्टीकरण किया। इस शराब की कीमत 1.94 करोड़ रुपये है।
चंदौली में पुलिस का ऑपरेशन क्लीन
1 करोड़ 94 लाख की शराब नष्ट
25 मुकदमों से जुड़ी थी शराब
सैयदराजा पुलिस और आबकारी की संयुक्त कार्रवाई
कोर्ट के आदेश पर हुआ विनष्टीकरण
चंदौली जिले में अपराधियों और अवैध पदार्थों के खिलाफ पुलिस का कड़ा रुख जारी है। उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के पालन में और पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के मार्गदर्शन में जिले भर में "ऑपरेशन क्लीन" अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य मकसद थानों में जमा मुकदमों से संबंधित माल और जब्त की गई अवैध सामग्रियों का नियमानुसार निस्तारण करना है। इसी कड़ी में सैयदराजा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
25 मामलों में पकड़ी गयी थी 24,247 लीटर शराब
अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया और क्षेत्राधिकारी सदर नामेन्द्र कुमार की निगरानी में सैयदराजा पुलिस ने थाना स्तर पर दर्ज कुल 25 मुकदमों से जुड़ी अवैध शराब को नष्ट कराने की प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने माननीय न्यायालय से इसकी विधिवत अनुमति प्राप्त की थी। 5 नवंबर 2026 को गठित विशेष टीम की मौजूदगी में पूरी पारदर्शिता के साथ कुल 24,247 लीटर अवैध अंग्रेजी, देशी शराब और बीयर का विनष्टीकरण कराया गया।
करोड़ों रुपये की शराब जमींदोज
पुलिस द्वारा विनष्ट कराई गई इस भारी मात्रा में अवैध शराब की अनुमानित कीमत बाजार में लगभग 1 करोड़ 94 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस आंकड़ों के मुताबिक, नष्ट की गई सामग्री में 22,915 लीटर अवैध अंग्रेजी व देशी शराब और 1,332 लीटर अवैध बीयर शामिल थी। पूरी प्रक्रिया का वीडियो व कागजी रिकॉर्ड तैयार करते हुए मुकदमों से संबंधित माल का पूरी तरह निस्तारण कर दिया गया है।
ये अधिकारीगण रहे मौजूद
इस बड़े विनष्टीकरण अभियान को अंजाम देने के लिए पुलिस, आबकारी और न्यायपालिका से जुड़ी एक संयुक्त टीम गठित की गई थी। इस टीम में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, सहायक अभियोजन अधिकारी विजय पाण्डेय, आबकारी निरीक्षक कनीज फातिमा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) न्यायालय के लिपिक दिलीप कुमार और थाना सैयदराजा के हेड मुंशी दिनेश उपाध्याय मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।