चंदौली में होली के रंग को लेकर बवाल, दो समुदायों में मारपीट; कई घायल, गांव में पुलिस तैनात

 

चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र के दुधारी और तेंदुहान गांव में होली के रंग डालने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हुए और गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

 
 

चंदौली में रंग डालने पर विवाद


दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प


लाठी-डंडों से घर पर हमला


मारपीट में कई लोग घायल


गांव में पुलिस बल तैनात

चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र के दुधारी और तेंदुहान गांव में होली के रंग डालने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई।
रंग पड़ने से शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम गांव में कुछ लोग नाच-गा कर होली मना रहे थे। इसी दौरान रंग लगाने के दौरान गैर हिंदू समुदाय के खुर्शीद नामक व्यक्ति पर रंग पड़ गया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि खुर्शीद के समर्थकों ने दूसरे समुदाय के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
लाठी-डंडों और नुकीले सामान से हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने के बाद एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर पहुंच गए और लाठी-डंडों तथा नुकीले सामान से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से गांव में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में कई लोग घायल हो गए, जिनमें दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों का जिला अस्पताल में इलाज
घटना के बाद घायल लोगों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया।
गांव में पुलिस बल तैनात
सूचना मिलने पर सैयदराजा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे इलाके में निगरानी रखी जा रही है।
इस संबंध में सैयदराजा थाना प्रभारी ने बताया कि रंग डालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट की घटना सामने आई है। फिलहाल स्थिति सामान्य है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।