चंदौली में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़: सीओ सदर की रेड में धंधे में शामिल 3 लड़िकयों समेत 10 लोग अरेस्ट

 

चंदौली कोतवाली पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 युवतियों को रेस्क्यू किया। मौके से 2 महिला संचालिकाओं और 7 युवकों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू की गई है।
 

चंदौली कोतवाली पुलिस की बड़ी छापेमारी

मौके से 3 युवतियां कराई गईं रेस्क्यू

2 महिला संचालिकाएं ली गईं हिरासत में

सात युवकों को मौके से पकड़ा

इलाके में सतत पुलिस निगरानी के निर्देश

चंदौली जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ एक बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। स्थानीय कोतवाली इलाके से काफी समय से अनैतिक गतिविधियों और देह व्यापार से जुड़ी शिकायतें पुलिस को मिल रही थीं। इन जनशिकायतों का तुरंत संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम ने संदिग्ध ठिकाने पर अचानक छापेमारी की। पुलिस की इस तेज-तर्रार और गोपनीय कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों का भारी जमावड़ा लग गया।

सीओ सदर की अगुवाई में टीम ने मारी रेड
इस पूरी छापेमारी की कमान खुद सीओ सदर ने संभाली। सीओ सदर और चंदौली कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने रणनीतिक तरीके से चिह्नित ठिकाने पर एक साथ दबिश दी। अचानक हुई इस छापेमारी से वहां मौजूद लोगों को भागने का कोई मौका नहीं मिला। पुलिस ने मौके से तीन युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके साथ ही देह व्यापार का धंधा संचालित कर रही दो महिला संचालिकाओं को भी पुलिस ने रंगे हाथों हिरासत में ले लिया।

सात युवक हिरासत में, एक अन्य संचालिका की तलाश
पुलिस की पड़ताल और पूछताछ में कई अहम बातें सामने आई हैं। मौके से सात युवकों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पकड़े गए सभी लोगों से पुलिस टीम गहन पूछताछ कर रही है। वहीं, हिरासत में ली गई महिला संचालिकाओं से पूछताछ के दौरान एक अन्य महिला संचालिका का नाम भी सामने आया है, जो छापेमारी के समय मौके पर मौजूद नहीं थी। पुलिस अब उस गैर-मौजूद संचालिका की तलाश में जुट गई है और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

एक ही ठिकाने पर तीसरी बार पुलिस की कार्रवाई
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि इस विशेष स्थान पर पुलिस द्वारा की गई यह लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई है। बार-बार शिकायतें आने और धंधा संचालित होने की बात सामने आने पर पुलिस ने इस बार बेहद सख्त रुख अपनाया है। सीओ सदर ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अनैतिक कार्यों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन अब इस स्थान की पृष्ठभूमि और इससे जुड़े पूरे नेटवर्क को खंगालने में लगा हुआ है।

क्षेत्र में सतत निगरानी और पुलिस बल रहेगा तैनात
मामले की जानकारी देते हुए सीओ सदर ने बताया कि पूरे प्रकरण में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आगे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष रणनीति बनाई है। इस क्षेत्र में नियमित और सतत निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा, इस स्थान के आसपास पुलिस पिकेट और सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी कोई सूचना न मिले। अगर दोबारा कोई सूचना मिलती है तो तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।