कंदवा पुलिस का एक्शन: तेल्हरा गांव में खूनी संघर्ष मामले में लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग मामले में 18 नामजद लोगों पर FIR

 

चंदौली के कंदवा थाना क्षेत्र के तेल्हरा गांव में हुए खूनी संघर्ष से इलाके में दहशत है। मामूली विवाद के बाद लाइसेंसी बंदूक से हुई फायरिंग में 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने 18 आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 
 

चंदौली के तेल्हरा गांव में खूनी संघर्ष

लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग में 7 घायल

18 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा

कंदवा थाना पुलिस की कड़ी कार्रवाई

चंदौली जिले के कंदवा थाना क्षेत्र के तेल्हरा गांव में रविवार की सुबह हुआ खूनी संघर्ष पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। आपसी विवाद के चलते दो गुट आपस में भिड़ गए, जिसके बाद हुई फायरिंग में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना ने पूरे गांव में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

विवाद ने ऐसे लिया था हिंसक रूप
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह मामूली बात को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते बहसबाजी लाठी-डंडों के साथ मारपीट में बदल गई। इसी दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाइसेंसी बंदूक से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में रामदुलार, लखैबर, पंकज, श्यामलाल, मनोज, मदन और अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जो दर्द से तड़पते हुए सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनका उपचार जारी है।

18 नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
इस मामले में पीड़ित पक्ष के अभिमन्यु की तहरीर के आधार पर पुलिस ने 18 लोगों के खिलाफ 10 गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में अशोक, सुभाष, संतोष, प्रवीण कुमार, शैलेश, दिनेश, संतलाल, विमलेश, रोशन, नरेंद्र कुमार, रजनीश कुमार, राहूल, वीरेंद्र, मंटू राम, सुरेंद्र, रणविजय, अखिलेश और रामसूरत शामिल हैं।

पुलिस हिरासत में लेकर हो रही है जांच
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 14-15 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। सीओ देवेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुटी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है ताकि शांति व्यवस्था कायम रहे।