कई राज्यों में वांटेड ऑनलाइन ठग शिवम गिरफ्तार, 'सत्कार निधि लिमिटेड' की आड़ में करता था क्राइम
चंदौली की साइबर क्राइम पुलिस ने 'सत्कार निधि लिमिटेड' कंपनी के नाम पर देश भर में ऑनलाइन फ्रॉड करने वाले गिरोह के एक शातिर सदस्य को फर्रुखाबाद से दबोचा है। टेलीग्राम चैनल से होने वाले इस बड़े खेल का पर्दाफाश हुआ है।
सत्कार निधि लिमिटेड की आड़ में ठगी
फर्रुखाबाद से दबोचा गया शातिर शिवम
टेलीग्राम चैनल से होता था ऑनलाइन फ्रॉड
कई राज्यों में दर्ज हैं शिकायतें
लैपटॉप और दो मोबाइल फोन बरामद
चंदौली जनपद की साइबर क्राइम पुलिस टीम ने ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने 'सत्कार निधि लिमिटेड' की आड़ में लोगों को अपना शिकार बनाने वाले एक शातिर वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान शिवम उर्फ शुभम उर्फ प्रियांशु (उम्र 26 वर्ष) के रूप में हुई है। वह फर्रुखाबाद जिले के थाना फतेहगढ़ अंतर्गत न्यू नवढिया ग्वाल टोली (सिद्धार्थ नगर) का रहने वाला है। पुलिस ने उसे उसके घर से ही घेराबंदी कर रंगे हाथों दबोचा है।
टेलीग्राम और फर्जी बैंक खातों का नेटवर्क
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी शिवम ने साइबर फ्रॉड के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया है। उसने बताया कि वह सतीश राय और आशीष पटवा के नाम पर खुले सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते को इस्तेमाल करता था, जो 'सत्कार निधि लिमिटेड' के नाम पर रजिस्टर्ड था।
यह खाता उसने फतेहगढ़ के ही रहने वाले अपने दूसरे साथी शिवम गुप्ता को दे दिया था। शिवम गुप्ता इस खाते के जरिए टेलीग्राम चैनलों पर ऑनलाइन फ्रॉड की वारदातों को अंजाम देता था और बदले में पकड़े गए आरोपी को मोटा कमीशन मिलता था।
देश भर में फैला था ठगी का जाल
पकड़े गए आरोपी ने कुबूल किया है कि इस बड़े गिरोह में उनके कई अन्य सहयोगी भी शामिल हैं। साइबर ठगी से आने वाला पैसा इनके व्यक्तिगत बैंक खातों में भी ट्रांसफर किया जाता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि इन बैंक खातों के खिलाफ देश के कई अलग-अलग राज्यों में साइबर फ्रॉड की शिकायतें पहले से दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के पास से ठगी में इस्तेमाल होने वाले 02 मोबाइल फोन और 01 लैपटॉप बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ साइबर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 14/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं (318(4), 319(2), 336(3), 338, 339, 3(5)) और 66 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की जनता से जरूरी अपील
इस बड़ी सफलता के बाद अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) ने जिले के लोगों से बेहद जरूरी अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति, कॉल या संस्था के बहकावे में न आएं। लोन, निवेश या किसी भी तरह के वित्तीय लाभ के लालच में आकर अपनी गाढ़ी कमाई बिल्कुल जमा न करें।
अगर आपके साथ किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होती है, तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या तुरंत www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर थाने से तुरंत संपर्क करें।
इस टीम को मिली बड़ी कामयाबी
इस शातिर ठग को सलाखों के पीछे पहुंचाने वाली पुलिस टीम में इंस्पेक्टर विजय बहादुर सिंह (पुलिस लाइन चंदौली), सब-इंस्पेक्टर अमित सिंह (चौकी प्रभारी भूपौली, अलीनगर), हेड कांस्टेबल पवन कुमार यादव (साइबर सेल), कांस्टेबल राहुल सिंह (साइबर थाना) और कांस्टेबल संदीप कुमार (सर्विलांस सेल) शामिल रहे।