धानापुर में मूक-बधिर युवक के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म, दरिंदगी करने वाला आरोपी विशाल पकड़ा गया

 

चंदौली के धानापुर में एक मूक-बधिर युवक से अप्राकृतिक दुष्कर्म का बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी विशाल को गिरफ्तार कर लिया है।

 
 

धानापुर में मूक-बधिर से दुष्कर्म

खेत की तरफ गया था पीड़ित युवक

इशारों में पीड़ित ने बयां की आपबीती

धानापुर पुलिस ने आरोपी विशाल को दबोचा

पीड़ित का मेडिकल और विधिक कार्रवाई जारी

चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और शर्मनाक वारदात सामने आई है। यहां 20 साल के एक मूक-बधिर युवक के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। मामले की सूचना मिलते ही एक्शन में आई धानापुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

यह पूरी घटना बुधवार (26 अगस्त) की शाम की बताई जा रही है। पीड़ित युवक जन्म से ही बोलने और सुनने में असमर्थ है। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल पीड़ित युवक का मेडिकल परीक्षण कराया है।

खेत की तरफ गया था पीड़ित, इशारों में बताई पूरी बात
पीड़ित के पिता ने धानापुर थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पिता ने बताया कि 26 अगस्त की शाम करीब 5 बजे उनका बेटा खेत की ओर गया था। शाम 7 बजे के आसपास वह गांव के ही विशाल नाम के युवक के साथ लौटता दिखाई दिया। पिता को देखते ही विशाल मौके से भाग खड़ा हुआ।

बेटा काफी डरा और घबराया हुआ था। जब पिता ने उससे इशारों में पूछा, तो पीड़ित ने अपनी आपबीती बताई। उसने इशारों में संकेत दिया कि उसके साथ गलत काम किया गया है और उसे चोटें भी आई हैं।

पुलिस ने आरोपी को दबोचा, आगे की जांच जारी
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी एसपी मिश्रा ने बताया कि पीड़ित युवक के पिता की दी गई तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं (धारा 140(4) और 115 बीएनएस) में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि नामजद आरोपी विशाल को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। मामले से जुड़े सभी कानूनी पहलुओं की आगे जांच जारी है।