धानापुर में परिवार को जान से मारने की धमकी देकर लूटे थे गहने-नगदी, पुलिस ने ऐसे किया पर्दाफाश
चंदौली जिले के धानापुर थाना पुलिस ने धमकी देकर जबरन वसूली करने वाले दो शातिर युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लाखों के गहने और भारी मात्रा में नकदी बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है।
धमकी देकर जबरन वसूली का मामला
लाखों के गहने और नकदी बरामद
पुलिस की घेराबंदी में दो गिरफ्तार
धानापुर पुलिस की बड़ी सफलता
पीड़िता को डराकर की थी लूटपाट
चंदौली जनपद के धानापुर थाना क्षेत्र में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्थानीय पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने एक ऐसे मामले का सफल अनावरण किया है, जिसमें आरोपी पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी देकर जबरन वसूली कर रहे थे। पुलिस ने इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए करीब 3 लाख रुपये मूल्य के गहने और 1 लाख रुपये से अधिक की नगदी बरामद की है।
ऐसे धमकी देकर लूटा था घर
घटना 15 अप्रैल 2026 की है, जब वादी घनश्याम यादव, निवासी ग्राम प्रसादपुर, ने थाना धानापुर में तहरीर दी। वादी ने आरोप लगाया कि मोहित यादव और नीरज यादव नामक दो युवक उनकी पुत्री और अन्य परिजनों को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। इन धमकियों से डरी हुई पीड़ित पुत्री ने घर में रखे अपनी मां के गहने और करीब एक लाख रुपये की नगदी इन आरोपियों को सौंप दी थी। वादी की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा अपराध संख्या 57/2026, धारा 308(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की तत्परता और घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक चन्दौली, श्री आकाश पटेल के कड़े निर्देशों के बाद, अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम का गठन किया गया। प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन के नेतृत्व में धानापुर पुलिस ने डिजिटल साक्ष्य और मुखबिर की सूचनाओं को खंगाला। इसी दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली और शहीदगांव के पास घेराबंदी करके दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया।
ऐसे हुयी अभियुक्तों की पहचान
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहित यादव (20 वर्ष, निवासी प्रसादपुर) और नीरज यादव (22 वर्ष, निवासी बड़ी रमरजाय) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों के कब्जे से भारी मात्रा में कीमती सामान और नकदी बरामद की। मोहित यादव के पास से सफेद धातु की पैजनी, मांग टीका, सोने की अंगूठी और 50,000 रुपये नकद मिला। वहीं नीरज यादव के पास से सफेद धातु का कमरबंद, सोने के दो कान के टप्स, नथिया और 50,350 रुपये नकद पाया गया। इस तरह से कुल मिलाकर पुलिस ने लगभग 3 लाख रुपये के गहने और 1,00,350 रुपये की नगद धनराशि बरामद की है। इस बरामदगी के बाद पुलिस ने धारा 317(2) बीएनएस के तहत मामले में बढ़ोत्तरी की है।
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे
पुलिस की पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे कई दिनों से पीड़ित परिवार को आतंकित कर रहे थे। उनके पास से बरामद की गई धनराशि का कुछ हिस्सा वे अपने ऐशो-आराम और घूमने-फिरने में खर्च कर चुके थे। वे शेष गहनों को बेचने और बची हुई नकदी को ठिकाने लगाने की योजना बना रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
ऐसे की जा रही है कानूनी कार्रवाई
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्त मोहित यादव और नीरज यादव दोनों ही इस मामले में संलिप्त थे। नीरज यादव का पूर्व में भी अपराधिक इतिहास रहा है, जिस पर थाना धानापुर में पहले से ही गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
इस सराहनीय कार्य को करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन के साथ उपनिरीक्षक अभिराज सरोज, विनोद यादव, हरिशंकर सिंह और मुख्य आरक्षी राजेश यादव व आरक्षी सुमित सिंह शामिल थे। चन्दौली पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध और अपराधियों के साथ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।