चंदौली में "ऑपरेशन वज्रपात": 'राइफल गुरु' बनकर नाबालिग से 6 लाख से ज्यादा वसूलने वाला शातिर आयुष गिरफ्तार

 

चंदौली की धानापुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर गैंगस्टर जैसी छवि बनाकर एक नाबालिग बच्चे को डराने और उससे लगभग 6 लाख 27 हजार रुपये की अवैध वसूली करने वाले आरोपी आयुष कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

 
 

ऑपरेशन वज्रपात के तहत कार्रवाई

'राइफल गुरु' नाम से बनाई आईडी

नाबालिग से वसूले लाखों रुपये

धानापुर पुलिस ने किया गिरफ्तार

शौक पूरे करने को किया अपराध

 चंदौली जिले की धानापुर थाना पुलिस ने "ऑपरेशन वज्रपात" के तहत एक बड़ी और चौंकाने वाली कार्रवाई की है। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर गैंगस्टर जैसी छवि बनाकर एक नाबालिग बच्चे को ब्लैकमेल करने और उससे लाखों रुपये वसूलने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी इंस्टाग्राम पर "Mr. Rifle Guru-7171" नाम से आईडी चलाता था और अपनी प्रोफाइल पर "रंगदारी हमारे खून में है" और "प्रशासन हमें क्या करेगा" जैसे भड़काऊ स्लोगन लिखकर समाज में दहशत फैला रहा था।

डरा-धमकाकर ऐंठे ₹6 लाख से ज्यादा
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब एक महिला (वादिनी) ने धानापुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया कि कस्बा धानापुर का रहने वाला आयुष कुमार पुत्र गोपाल कुमार मौर्या उनके नाबालिग बेटे को फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए लगातार डरा-धमका रहा था। आरोपी ने बच्चे को जान से मारने और उसके माता-पिता को झूठे केस में जेल भिजवाने की धमकी दी थी। इस खौफ के कारण नाबालिग ने आरोपी को लगभग ₹06 लाख नकद और अलग-अलग तारीखों में ₹27,500 ऑनलाइन (PhonePe) के जरिए दे दिए थे।

शौक पूरे करने और गाड़ी खरीदने के लिए की वसूली
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी आयुष कुमार को 18 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह चार पहिया गाड़ी खरीदना चाहता था और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए उसने पड़ोस के रहने वाले नाबालिग बच्चे को निशाना बनाया। वसूली गई रकम को उसने घूमने-फिरने और ऐश-ओ-आराम में उड़ा दिया।

कड़ी धाराओं में केस दर्ज, भेजा गया जेल
थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर आरोपी आयुष कुमार के खिलाफ धानापुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 125/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(5), 316, 351(3), और 352 के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है। आरोपी को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र के साथ सब-इंस्पेक्टर चंदेश्वर सिंह, कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल शमशीद शामिल रहे।