विधवा महिला की जमीन हड़पने की साजिश नाकाम, फर्जी दस्तावेज बनाने वाला परदेशी धानापुर से अरेस्ट

चंदौली की धानापुर पुलिस ने विधवा महिला के फर्जी अंगूठे और दस्तखत लगाकर जमीन हड़पने वाले शातिर आरोपी परदेशी बिन्द को अमादपुर घाट से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।

 
 

धानापुर पुलिस ने जालसाज को पकड़ा

विधवा महिला की जमीन हड़पने की कोशिश

फर्जी अंगूठे और दस्तखत से कागजात तैयार

अमादपुर घाट के पास से हुई गिरफ्तारी

आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास उजागर

चंदौली जिले के थाना धानापुर क्षेत्र स्थित पगही गांव में एक विधवा महिला को छलने का गंभीर मामला सामने आया है। गांव की निवासी दुलेसरी देवी पत्नी स्वर्गीय शिवाजी की जमीन पर वहीं के रहने वाले परदेशी बिन्द पुत्र स्वर्गीय रामकुंवर बिन्द की काफी दिनों से बुरी नीयत थी। आरोपी किसी भी तरह से महिला की संपत्ति पर कब्जा करना चाहता था।

फर्जी अंगूठे व दस्तखत से तैयार किए कागजात
जमीन पर अवैध कब्जा जमाने के इरादे से आरोपी परदेशी बिन्द ने साजिश रची। उसने दुलेसरी देवी के जाली दस्तखत और फर्जी अंगूठे के निशान लगाकर कूटरचित यानी फर्जी दस्तावेज तैयार करा लिए। जब पीड़ित महिला को इस जालसाजी की भनक लगी, तो उसने तुरंत धानापुर थाने में नामजद तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की।

अमादपुर घाट के पास से पुलिस ने दबोचा
मुकदमे की विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपी के खिलाफ फर्जी कागजात तैयार करने के पर्याप्त सबूत मिल गए। इसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर धानापुर प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई। मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्त परदेशी बिन्द को अमादपुर घाट के पास से धर दबोचा।

पूछताछ में कबूला जुर्म, निकला पुराना अपराधी
पुलिस हिरासत में हुई कड़ाई से पूछताछ में आरोपी परदेशी बिन्द ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने कबूला कि महिला की जमीन पर कब्जा करने की नीयत से ही उसने यह फर्जीवाड़ा किया था। छानबीन में पता चला कि आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर धानापुर थाने में आबकारी एक्ट और मारपीट सहित पहले से चार गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र, नगवां चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संजय कुमार ओझा, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार यादव, कांस्टेबल प्रवीण त्रिपाठी और कांस्टेबल प्रांजुल द्विवेदी शामिल रहे। पुलिस कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई में जुटी है।