पुरानी रंजिश में भाभी और भाई को पीटने वाला आरोपी गिरफ्तार, घटना में इस्तेमाल लाठी बरामद

 

चंदौली के धीना थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर भाई और भाभी पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी रामदुलार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल की गई लाठी भी बरामद की है।

 
 

चंदौली के धीना में मारपीट का आरोपी गिरफ्तार

पुरानी रंजिश में भाई-भाभी पर हमला

बघरी मस्जिद के पास से हुई गिरफ्तारी

घटना में प्रयुक्त लाठी पुलिस ने की बरामद

धीना पुलिस की टीम ने की कार्रवाई

चंदौली जिले की धीना थाना पुलिस ने मारपीट और हमले के मामले में फरार चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। पकड़ा गया आरोपी रामदुलार (45 वर्ष) ग्राम बघरी, थाना धीना का रहने वाला है।

बघरी मस्जिद के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि मारपीट के मुकदमे में वांछित चल रहा अभियुक्त इलाके में घूम रहा है। इस पर कार्रवाई करते हुए धीना पुलिस टीम ने त्वरित कदम उठाया और बघरी मस्जिद के पास घेराबंदी कर रामदुलार को धर दबोचा। पुलिस ने अभियुक्त के पास से घटना में इस्तेमाल की गई एक लाठी भी मौके से बरामद कर ली है।

भाई और भाभी पर लाठी-रॉड से किया था हमला
पूछताछ के दौरान अभियुक्त रामदुलार ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि 11 अगस्त 2026 की रात पुरानी रंजिश और पट्टीदारी के विवाद को लेकर उसने अपने भतीजे संदीप गौड़ के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। दोनों ने मिलकर अपने भाई सुजीत कुमार गौड़ और भाभी मीनू देवी पर लाठी व लोहे की रॉड से हमला कर दिया था।

लाठी छिपाने जाते समय पुलिस के चढ़ा हत्थे
आरोपी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी। डर के मारे वह वारदात में इस्तेमाल की गई लाठी को कहीं दूर फेंकने या छिपाने जा रहा था, तभी पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। धीना पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ धारा 109(1), 115(2), 352, 351(3) बीएनएस के तहत कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।