धीना के जोगवा गांव में भीषण चोरी, छत के रास्ते घुसे चोरों ने उड़ाए लाखों के जेवर, ग्रामीणों में दहशत

धीना थाना क्षेत्र के जोगवा गांव में चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए गजाधर राजभर के घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और कीमती सामान चोरी कर लिया। इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और उन्होंने पुलिस गश्त पर सवाल उठाए हैं।
 

जोगवा गांव में हुई बड़ी चोरी

छत के रास्ते घर में घुसे चोर

लाखों के जेवरात लेकर हुए फरार

ग्रामीणों ने पुलिस गश्त पर उठाए सवाल

थाना प्रभारी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र अंतर्गत जोगवा गांव में बीती रात शातिर चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने गांव के रहने वाले गजाधर राजभर के घर को अपना निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोर छत के रास्ते से घर के भीतर दाखिल हुए। इसके बाद चोरों ने कमरों में रखे बक्से और अलमारी को खंगालकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और कीमती साड़ियों पर हाथ साफ कर दिया।

रात के सन्नाटे में वारदात को दिया अंजाम
पीड़ित गृहस्वामी गजाधर राजभर ने घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि रात करीब एक बजे जब वह छत पर गए थे, तब तक सब कुछ पूरी तरह सामान्य था। इसके बाद करीब ढाई बजे जब दोबारा उनकी आंख खुली और वह नीचे आए, तो घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ देख उनके होश उड़ गए। जब उन्होंने कमरों के भीतर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था और कीमती जेवर गायब थे। पीड़ित ने तत्काल इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दी।

पुलिस की सुस्ती से ग्रामीणों में भारी आक्रोश
घटना की जानकारी मिलने के करीब आधे घंटे बाद धीना थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दुस्साहसिक चोरी के बाद से जोगवा गांव और आस-पास के इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस प्रशासन के खिलाफ तीखा आक्रोश व्यक्त किया है। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस की गश्त बेहद सुस्त हो चुकी है, जिसके कारण अपराधियों और चोरों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं।

थाना प्रभारी ने दिया जल्द खुलासे का भरोसा
ग्रामीणों का कहना है कि पहले पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग होती थी, जिससे ऐसी वारदातों पर अंकुश लगा रहता था। इस पूरी घटना के संबंध में धीना थाना प्रभारी दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि चोरी की शिकायत दर्ज कर ली गई है। रात में ही डायल 112 की टीम ने मौके पर जाकर जांच की थी। पुलिस टीम मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से तफ्तीश कर रही है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर मामले का अनावरण किया जाएगा।