पुरानी रंजिश में मारपीट करने वाले 3 अभियुक्त गिरफ्तार, धीना पुलिस ने पिता और दोनों बेटे को भेजा जेल

 

चंदौली के धीना थाना क्षेत्र में पड़ोसी से कहासुनी के बाद मारपीट और जानलेवा हमला करने वाले तीन अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बांस की लाठी और डंडा भी बरामद कर लिया है।

 
 

धीना पुलिस ने तीन अभियुक्तों को किया गिरफ्तार

बरडीहा नहर पुलिया के पास से हुई गिरफ्तारी

पिता और दो बेटों पर लगा जानलेवा हमले का आरोप

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडा किया बरामद

पुरानी रंजिश और विवाद में हुई थी मारपीट

चंदौली जिले में अपराधियों और वांछितों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धीना थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने पड़ोसी पर जानलेवा हमला करने और मारपीट करने के मामले में एक ही परिवार के तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में उप-निरीक्षक ताराचंद्र सिंह और उनकी टीम ने 27 अगस्त 2026 की शाम करीब 5:35 बजे यह कार्रवाई की। पुलिस ने ग्राम बरडीहा स्थित नहर की पुलिया के पास से तीनों अभियुक्तों को धर दबोचा।

पिता और दो बेटों ने दिया था घटना को अंजाम
पकड़े गए अभियुक्तों में 55 वर्षीय रामप्रवेश राम, उसका बड़ा बेटा चंद्रभूषण राम (30 वर्ष) और छोटा बेटा सूरज राम (24 वर्ष) शामिल हैं। ये सभी बरडीहा गांव के रहने वाले हैं। पुलिस की पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि दोनों भाई बाहर रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं और घटना से एक दिन पहले ही घर लौटे थे। घर आने पर उन्हें पता चला कि पड़ोस के रहने वाले गोपाल राम का उनके पिता से विवाद हुआ था। इसी गुस्से में आकर उन्होंने गोपाल राम और उनके बेटे नरेंद्र राम पर हमला कर दिया था।

घटना में इस्तेमाल लाठी-डंडा बरामद
पुलिस ने अभियुक्त सूरज राम की निशानदेही पर उसके घर के पीछे बनी मड़ई से घटना में इस्तेमाल एक बांस की लाठी और एक बांस का डंडा बरामद किया है। अभियुक्तों के खिलाफ धीना थाने में मुकदमा अपराध संख्या 77/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 115(2), 352, 351(3) और 3(5) के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी दिलीप श्रीवास्तव, उप-निरीक्षक ताराचंद्र सिंह, उप-निरीक्षक राजेंद्र यादव, कांस्टेबल चंदन वर्मा, रिक्रूट कांस्टेबल गुलाबचंद्र और रिक्रूट कांस्टेबल अभिनव मौर्य शामिल रहे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया है।