इलिया पुलिस ने 25 हजार के इनामी गैंगेस्टर छोटू यादव को दबोचा,  शातिर अपराधी बनरसिया माइनर से गिरफ्तार

 

चंदौली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25,000 रुपये के इनामी अपराधी छोटू उर्फ धर्मेंद्र यादव को गिरफ्तार किया है। गोवंश तस्करी और गैंगेस्टर एक्ट में वांछित यह आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था।

 
 

25,000 रुपये का इनामी गोतस्कर गिरफ्तार

बनरसिया माइनर के पास से हुई गिरफ्तारी

अभियुक्त पर प्रयागराज और चंदौली में दर्ज हैं कई मुकदमे

गैंगेस्टर एक्ट और गोवध निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई

इलिया थाना पुलिस की बड़ी घेराबंदी

चंदौली  जनपद में अपराधियों और वांछितों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत इलिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशानुसार और क्षेत्राधिकारी चकिया के पर्यवेक्षण में, इलिया पुलिस ने गोवंश तस्करी के अभियोग में वांछित 25,000 रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

घेराबंदी कर बनरसिया माइनर से हुई गिरफ्तारी
थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने बनरसिया माइनर के पास घेराबंदी की। पुलिस को देख भागने का प्रयास कर रहे अभियुक्त छोटू उर्फ धर्मेंद्र यादव (24 वर्ष) को पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए पकड़ लिया। अभियुक्त मूल रूप से प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र के ग्राम रसार का निवासी है।

लंबा आपराधिक इतिहास, गैंगेस्टर एक्ट में भी वांछित
पकड़े गए अभियुक्त छोटू यादव का अपराध की दुनिया में लंबा इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध चंदौली के इलिया और सदर थाने के साथ-साथ प्रयागराज के हंडिया और नवाबगंज थानों में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता, गैंगेस्टर एक्ट, लूट के प्रयास और जालसाजी जैसे करीब 7 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके चलते उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस टीम की मुस्तैदी
इस महत्वपूर्ण गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी गिरीश बल्लभ शुक्ल, हेड कांस्टेबल हरि किशुन प्रजापति, कल्लन यादव, कांस्टेबल आलोक सिंह और दुर्गविजय वर्मा शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के गोतस्करों और अपराधियों में हड़कंप व्याप्त है।