इलिया पुलिस ने नाकाम की बाइक तस्करी की साजिश: बिहार बेचने ले जा रहे दो अंतर्प्रांतीय चोर गिरफ्तार
चंदौली के इलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने डेहरीखुर्द गांव से चोरी हुई बाइक बरामद कर दो अंतर्प्रांतीय चोरों को दबोच लिया। दोनों आरोपी चोरी की बाइक बिहार ले जाकर बेचने की फिराक में थे।
इलिया पुलिस ने चोरी की बाइक की बरामद
बिहार के दो शातिर अंतर्प्रांतीय चोर गिरफ्तार
डेहरीखुर्द गांव से 16 सितंबर को चोरी हुई थी बाइक
मालदह नहर के पास घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
आरोपियों के खिलाफ इलिया थाने में दर्ज हैं मुकदमे
चंदौली जिले की इलिया थाना पुलिस को शुक्रवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने डेहरीखुर्द गांव से चोरी हुई मोटरसाइकिल को मालदह नहर के पास से बरामद करते हुए दो अंतर्प्रांतीय आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपी चोरी की बाइक को बिहार ले जाकर बेचने की योजना बना रहे थे।
दरवाजे से चोरी हो गई थी बाइक
मामला इलिया थाना क्षेत्र के डेहरीखुर्द गांव का है। गांव निवासी रामकृत चौहान की हीरो होंडा सीडी डीलक्स बाइक (यूपी 67 आर 3063) बीते 16 सितंबर की रात उनके घर के दरवाजे पर खड़ी थी। देर रात अज्ञात चोर मौका पाकर बाइक लेकर फरार हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की घेराबंदी
थानाध्यक्ष चंदन राय ने बताया कि शुक्रवार सुबह मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि चोर बाइक लेकर भागने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने तुरंत मालदह नहर के पास घेराबंदी की और बाइक के साथ दो आरोपियों को दबोच लिया। इंजन और चेचिस नंबर का मिलान करने पर बाइक वही चोरी की निकली।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूला जुर्म
पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम शाहिद अंसारी (निवासी चंदा, थाना चांद, कैमूर, बिहार) और पंकज नट उर्फ डब्लू (निवासी देवहालिया, थाना रामगढ़, कैमूर, बिहार) बताया। दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ही डेहरीखुर्द गांव से यह बाइक चुराई थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों के खिलाफ वर्ष 2025 में भी इलिया थाने में चोरी और चोरी का माल रखने का मुकदमा दर्ज है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाकर दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुभाष कुमार गौतम, कांस्टेबल हरिकिशुन प्रजापति, शिवम सिंह और अजय वर्मा शामिल रहे।