बिहार से दिल्ली जा रही Kia कार से ढाई किलो विदेशी सोना जब्त, गियर बॉक्स में छिपाकर ले जा रहे 2 तस्कर गिरफ्तार

चंदौली पुलिस और SOG टीम ने नवही पुलिया पर चेकिंग के दौरान एक किआ कार से करीब 3.92 करोड़ रुपये कीमत का ढाई किलो विदेशी सोना बरामद किया है। गियर बॉक्स के नीचे बने स्पेशल बॉक्स से सोना निकालकर दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
 

चंदौली में 3.92 करोड़ का सोना बरामद

कार के गियर बॉक्स में छुपा था सोना

बिहार से दिल्ली हो रही थी सोने की तस्करी

चंदौली पुलिस और SOG की संयुक्त कार्रवाई

महाराष्ट्र और हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार

चंदौली जिले में पुलिस और स्वाट/SOG टीम को सोने की एक बहुत बड़ी अवैध खेप गुजरने की भनक लगी थी। प्रभारी निरीक्षक थाना चंदौली बिंदेश्वर पांडेय और SOG प्रभारी राम जन्म यादव की अगुवाई में टीमों का गठन किया गया। मुखबिर ने पक्की खबर दी थी कि बिहार की तरफ से सफेद रंग की किआ कार (KIA Carens) में दो लोग भारी मात्रा में अवैध सोना लादकर दिल्ली की ओर जा रहे हैं।

नवही पुलिया पर घेराबंदी के बाद अरेस्ट 

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नवही पुलिया हाईवे पर नाकेबंदी कर दी। बिहार की ओर से आने वाले गाड़ियों को रोककर धीरे-धीरे पास कराया जाने लगा। इसी दौरान बताई गई किआ कार (HR22W2830) आती हुई दिखी। जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो ड्राइवर ने कार को तेजी से साइड से निकालकर भागने की कोशिश की। लेकिन सतर्क पुलिस बल ने बाकी गाड़ियों की मदद से कार को चारों तरफ से घेरकर रोक लिया।

महाराष्ट्र और हरियाणा के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

कार रुकने के बाद पुलिस ने दोनों सवारों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में गाड़ी चला रहे शख्स ने अपना नाम जुबेर मुबारक शेख निवासी अहिल्या नगर, सांगली (महाराष्ट्र) बताया। वहीं बगल की सीट पर बैठे दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम मनीष कुमार निवासी लाजपत नगर, फतेहाबाद (हरियाणा) बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने कुबूल किया कि गाड़ी में अवैध सोना छिपा है और वे पकड़े जाने के डर से भाग रहे थे।

गियर बॉक्स के नीचे बना रखा था गुप्त केबिन

आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कार के गियर बॉक्स के नीचे एक खास बॉक्स बनवा रखा था। जब पुलिस ने उनकी निशानदेही पर उस गुप्त केबिन को खोला तो सब हैरान रह गए। कपड़े की लंबी बेल्ट में सेलो टेप से लपेटकर रखी गई दो सोने की सिल्लियां बरामद हुईं। इस बरामद सोने के संबंध में दोनों आरोपी कोई भी जायज कागजात या बिल पेश नहीं कर सके।

विदेशी सोना निकला, आयकर और DRI विभाग को सौंपा मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत इनकम टैक्स और रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) विभाग को सूचना दी। सरकारी सर्राफा वैल्यूअर की मौजूदगी में जब सोने का वजन कराया गया तो वह 2 किलो 565.720 ग्राम निकला। बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 92 लाख रुपये बताई गई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह विदेश निर्मित सोना है। पुलिस ने सोने की खेप को आगे की कार्रवाई के लिए DRI विभाग के सुपुर्द कर दिया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कस दिया है।