फर्जी कागजात बनाकर धन उगाही करने वाले 'बंटी-बबली' गिरफ्तार, चंदौली के कई थानों में दर्ज हैं केस

 

चंदौली की इलिया पुलिस ने नौकरी का झांसा देकर फर्जी दस्तावेज बनाने और धन उगाही करने वाले पति-पत्नी को समदा पुलिया के पास से गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ चंदौली के कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं।

 
 

नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरफ्तार

इलिया पुलिस ने समदा पुलिया से पकड़ा

पति-पत्नी मिलकर बनाते थे फर्जी दस्तावेज

चंदौली के कई थानों में केस पंजीकृत

पुलिस ने आरोपियों को भेजा सलाखों के पीछे

चंदौली जिले में पुलिस प्रशासन द्वारा अपराधियों और वांछितों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में इलिया थाना पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नौकरी लगवाने का झांसा देकर लोगों से फर्जी व कूटरचित दस्तावेज तैयार कराने और अवैध रूप से धन उगाही करने वाले गिरोह के दो मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।

समदा पुलिया के पास से पकड़े गए पति-पत्नी
थानाध्यक्ष चंदन कुमार राय के कुशल नेतृत्व में इलिया पुलिस टीम 10 अगस्त 2026 को क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समदा पुलिया के पास से एक अभियुक्त और एक अभियुक्ता को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी आपस में पति-पत्नी हैं और दोनों गाजीपुर जिले के रहने वाले हैं।

गाजीपुर के रहने वाले हैं शातिर आरोपी
पुलिस हिरासत में लिए गए अभियुक्त की पहचान आलोक कुमार श्रीवास्तव (उम्र 45 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र नाथ श्रीवास्तव के रूप में हुई है। वहीं पकड़ी गई अभियुक्ता की पहचान अनुभूति श्रीवास्तव (उम्र 43 वर्ष) पत्नी आलोक कुमार श्रीवास्तव के रूप में की गई है। दोनों आरोपी ग्राम भडंसर, थाना बिरनो, जनपद गाजीपुर के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना इलिया पर दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 72/2026 (धारा 319(2)/318(4)/338/336(3)/340(2)/61(2)/352/351(2) BNS) में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

चंदौली के कई थानों में दर्ज है लंबा आपराधिक इतिहास
छानबीन में सामने आया कि पकड़े गए पति-पत्नी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। आरोपी आलोक कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ वर्ष 2011 में गाजीपुर के बिरनो थाने में जालसाजी का केस (मुकदमा अपराध संख्या 590/2011) दर्ज हुआ था। इसके अलावा चंदौली के बबुरी थाने (मुकदमा अपराध संख्या 115/2026), मुगलसराय थाने (मुकदमा अपराध संख्या 402/2026), सैयदराजा थाने (मुकदमा अपराध संख्या 191/2026) और इलिया थाने में दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी व जाली दस्तावेज बनाने के गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली इलिया पुलिस टीम
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में इलिया थानाध्यक्ष चंदन कुमार राय, उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार सिंह, कांस्टेबल अभिषेक यादव और महिला कांस्टेबल प्रिया यादव शामिल रहीं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की।