20 साल से फरार वारंटी गिरफ्तार,  NBW के बाद पकड़ा गया कैलाश यादव 

दबिश के दौरान कैलाश यादव (43 वर्ष), पुत्र स्व. श्यामू यादव, मूल निवासी ग्राम खुरहुजा, थाना बबुरी, जनपद चंदौली को सुबह करीब 7:05 बजे घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
 

मुगलसराय पुलिस को मिली बड़ी सफलता

2004 से चल रहा था मामला

पुलिस के अभियान के तहत दबिश देकर किया गया अरेस्ट

चंदौली जिले की मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने 20 वर्षों से फरार एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। गिरफ्तार अभियुक्त पर 2004 में दर्ज गंभीर आपराधिक मुकदमे में न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) और धारा 83 सीआरपीसी की कार्यवाही जारी थी।

अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर कृष्णमुरारी शर्मा के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार सुबह दबिश दी। पुलिस को सूचना मिली थी कि वारंटी अभियुक्त कैलाश यादव, ग्राम कटेसर, थाना मुगलसराय में अपने नए मकान में रह रहा है।

गिरफ्तारी का विवरण
दबिश के दौरान कैलाश यादव (43 वर्ष), पुत्र स्व. श्यामू यादव, मूल निवासी ग्राम खुरहुजा, थाना बबुरी, जनपद चंदौली को सुबह करीब 7:05 बजे घर से गिरफ्तार कर लिया गया। कैलाश यादव के खिलाफ मु.अ.सं. 399/2004, धारा 457/380/411 भादवि में मुकदमा दर्ज है, जिसमें वह 2005 से फरार चल रहा था।

गंभीर धाराओं में मामला
अभियुक्त पर चोरी, घर में घुसकर चोरी करने और चोरी की संपत्ति रखने से संबंधित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। लंबे समय से वह पुलिस और न्यायालय की पकड़ से दूर था। न्यायालय द्वारा जारी एनबीडब्ल्यू के साथ ही उसकी संपत्ति कुर्क करने की कार्यवाही भी की गई थी, लेकिन अभियुक्त अब तक गिरफ्त से बचता रहा।

पुलिस टीम की सराहना
गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार (चौकी प्रभारी रेलवे कॉलोनी), कांस्टेबल अभिषेक यादव और कांस्टेबल अमित कुमार यादव की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम को सराहते हुए कहा कि ऐसे फरार और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

अगली कार्यवाही
गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और पुराने मामलों की भी पड़ताल कर रही है।