GTR पुल के नीचे बिछाया जाल तो ऐसे पकड़े गए शराब तस्कर, 54 हजार की अंग्रेजी शराब के साथ पटना के दो तस्कर अरेस्ट
चंदौली की मुगलसराय पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने जीटीआर पुल के पास से बिहार के दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से ₹54,000 कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई है।
मुगलसराय पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई
बिहार के रहने वाले दो शातिर तस्कर गिरफ्तार
कुल 19.35 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद
यूपी से शराब खरीदकर बिहार में बेचने का प्लान
आरोपियों के पास से मोबाइल और नकदी बरामद
चंदौली जिले में अपराधियों और अवैध शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे चेकिंग अभियान में मुगलसराय पुलिस और आरपीएफ (RPF) की टीम को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने रेलवे डाउन रिसीविंग यार्ड से जीटीआर पुल की तरफ गश्त के दौरान दो संदिग्ध तस्करों को धर दबोचा। यह पूरी कार्रवाई जीटीआर पुल के नीचे रेलवे किलोमीटर संख्या 673/86 के पास की गई।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान रवि कुमार साव (निवासी छोटी खगौल, दानापुर, पटना) और पंकज कुमार मिश्रा (निवासी कर्मपुरा, गोपालपुर, पटना) के रूप में हुई है। पुलिस ने जब दोनों की तलाशी ली, तो उनके पास से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
₹54,000 की अंग्रेजी शराब और नकदी बरामद
पुलिस और आरपीएफ की टीम ने तस्करों के कब्जे से कुल 19.35 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 54,000 रुपये बताई जा रही है। बरामद शराब में 8-पीएम के 70 पीस टेट्रा पैक, आफ्टर डार्क ब्लू के 20 पीस और रॉयल स्टैग के 7 पीस शामिल हैं।
इसके साथ ही आरोपी रवि कुमार के पास से एक वीवो मोबाइल और ₹600 नगद मिले, जबकि पंकज कुमार के पास से एक कीपैड मोबाइल और ₹200 नगद बरामद किए गए हैं।
बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की थी प्लानिंग
कड़ाई से की गई पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे उत्तर प्रदेश की अलग-अलग दुकानों से कम दामों में शराब खरीदते थे। चूंकि बिहार में शराबबंदी लागू है, इसलिए वे वहां ट्रेनों के जरिए चोरी-छिपे शराब ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे और मोटा मुनाफा कमाते थे।
आज भी वे इसी इरादे से रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। आरोपी पंकज कुमार का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पटना के गोपालपुर थाने में शराब तस्करी का मामला दर्ज है। मुगलसराय पुलिस ने दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।