मुगलसराय में अवैध गांजे का धंधा: पुलिस ने रंगे हाथ दबोचा रोजन मियां, बाइक और नकदी बरामद, साथी फरार

 

चंदौली की मुगलसराय पुलिस ने हमीदपुर गांव में छापेमारी कर मिर्जापुर के एक शातिर गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 1 किलो से ज्यादा गांजा, नकदी और बाइक बरामद हुई है। पूरी खबर पढ़ें।

 
 

मुगलसराय पुलिस की बड़ी छापेमारी

एक किलो से ज्यादा गांजा बरामद

तस्कर रोजन मियां हुआ गिरफ्तार

गांजा बिक्री के रुपये जब्त

फरार साथी की तलाश जारी

चंदौली जिले की मुगलसराय कोतवाली पुलिस को नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम हमीदपुर में स्थित सरकारी भांग की दुकान के बगल में बने एक कटरे में अचानक छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने घेराबंदी करके मौके से एक शातिर नशा तस्कर को रंगे हाथों दबोच लिया।

भारी मात्रा में नशीला पदार्थ और नकदी बरामद
पकड़े गए तस्कर के पास से पुलिस टीम ने 1.140 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इसके साथ ही जामा तलाशी के दौरान उसके पास से गांजा बेचकर कमाए गए 5,680 रुपये नकद और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक हीरो स्प्लेण्डर प्लस मोटरसाइकिल (संख्या UP67AK4979) भी जब्त की गई है। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से इलाके के अन्य नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा, साथी फरार
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान 26 वर्षीय रोजन मिया (पुत्र जब्बार मिया) के रूप में हुई है, जो मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र के छोटी मिर्जापुर गांव का रहने वाला है। छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर उसका एक स्थानीय साथी राम यादव मौके से भागने में सफल रहा। पूछताछ में रोजन ने कुबूल किया कि वे दोनों मिलकर गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे।

एनडीपीएस एक्ट में दर्ज हुआ मुकदमा
थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक विरेन्द्र कुमार सिंह और हेड कांस्टेबल अरविन्द कुमार शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुगलसराय थाने में मुकदमा अपराध संख्या 340/2026 और धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को जेल भेजने के साथ ही पुलिस फरार आरोपी राम यादव की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।