एक बिहारी मुगलसराय में बेच रहा था महंगी अंग्रेजी शराब, 9 लीटर स्टॉक के साथ चढ़ा पुलिस के हत्थे

 

मुगलसराय पुलिस और RPF की संयुक्त टीम ने जीटीआर पुल के पास घेराबंदी करके बिहार के एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 9 लीटर महंगी अंग्रेजी शराब बरामद हुई है, जिसे वह ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था।

 
 

मुगलसराय में संयुक्त पुलिस कार्रवाई

जीटीआर पुल के पास पकड़ाया तस्कर

बिहार के युवक से 9 लीटर शराब जब्त

शराब तस्करी पर RPF की बड़ी सफलता

चंदौली जिले के मुगलसराय में पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और मुगलसराय थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जीटीआर पुल के पास चेकिंग के दौरान एक अवैध शराब तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

संदिग्ध बैग लेकर भाग रहा था आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को RPF से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और RPF की टीम रेलवे लाइन के किनारे गश्त कर रही थी। इसी दौरान जीटीआर पुल के नीचे एक युवक नीले रंग का पिट्ठू बैग लेकर आता दिखा। पुलिस टीम को देखकर वह घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया।

बिहार का रहने वाला है गिरफ्तार तस्कर
पुलिस की पूछताछ में आरोपी की पहचान निशू कुमार गुप्ता (19 वर्ष), निवासी ग्राम खगौल, थाना खगौल, जिला पटना (बिहार) के रूप में हुई है। जब पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली, तो उसमें से कुल 12 बोतलें (9.0 लीटर) महंगी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसमें रॉयल स्टैग की 9 बोतलें, ब्लेंडर्स प्राइड की 2 बोतलें और स्मिरनॉफ मिन्टी जामुन की 1 बोतल शामिल थी।

ठेका बंद होने के बाद ऊंचे दामों में बेचता था शराब
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह आबकारी दुकानों के बंद होने से पहले शराब खरीदकर जमा कर लेता था। इसके बाद वह देर रात या जरूरतमंदों को महंगे दामों पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाता था।

मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी
इस मामले में मुगलसराय थाने में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल कार्रवाई में मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक शिव पूजन बिंद, RPF निरीक्षक प्रभारी पंकज कुमार प्रसाद (यार्ड पोस्ट डीडीयू) और उनकी पूरी टीम शामिल रही।