हनुमान मंदिर की दान पेटी चोरी करने वाले 2 चोरों को गांव वालों ने दबोचा, मुगलसराय पुलिस ने की कार्रवाई 

चंदौली के मुगलसराय में हनुमान मंदिर की दान पेटी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया। मंदिर से 865 रुपये चुराने वाले 2 अभियुक्तों को पुलिस ने दुल्हीपुर से गिरफ्तार कर दान पेटी बरामद कर ली।

 

मुगलसराय में हनुमान मंदिर दान पेटी चोरी

2 अभियुक्तों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

चोरी की दान पेटी और 865 रुपये बरामद

ग्रामीणों ने दौड़ाकर चोरों को पकड़ा था

18 सितंबर को महावलपुर मंदिर में हुई थी घटना

चंदौली जिले की मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में हनुमान मंदिर की दान पेटी चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस घटना का सफल खुलासा करते हुए 2 अभियुक्तों को चोरी की गई दान पेटी और पूरी धनराशि के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

यह घटना ग्राम महावलपुर स्थित हनुमान मंदिर की है। मंदिर की दान पेटी रात में चोरी हो गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों चोरों को दबोच लिया है।

ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा था चोरों को

घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि दिनांक 18 सितंबर 2026 को समय करीब 10:40 बजे वादी मुकेश सोनकर पुत्र दयाराम सोनकर, निवासी ग्राम महावलपुर, थाना मुगलसराय ने मंदिर से दान पेटी चोरी होने की सूचना दी थी।

सूचना के अनुसार, वादी और स्थानीय निवासियों राहुल मालाकार एवं रामआसरे / रामेश्वर विश्वकर्मा ने चोरी करके दान पेटी ले जा रहे दो लोगों को मौके पर ही दौड़ाकर पकड़ लिया था। पकड़े जाने पर दोनों ने पूछताछ में कबूल किया कि उन्होंने रात में मंदिर से दान पेटी चोरी की थी।

इस तहरीर के आधार पर थाना मुगलसराय पर मुकदमा अपराध संख्या 479/2026, धारा 305(a)/317(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।

दुल्हीपुर से हुई दोनों की गिरफ्तारी

उच्चाधिकारियों के कुशल निर्देशन में थानाध्यक्ष मुगलसराय अर्जुन सिंह के नेतृत्व में थाना मुगलसराय पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस टीम ने मुकदमे में शामिल दोनों अभियुक्तों को दुल्हीपुर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान

गिरफ्तार अभियुक्तों में पहला हैदर अब्बास पुत्र स्वर्गीय मुख्तार हुसैन है। वह ग्राम महावलपुर, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली का रहने वाला है। उसकी उम्र लगभग 19 वर्ष है।

दूसरा आरोपी साहिल उर्फ सादिक पुत्र अबुलैस अंसारी है। वह ग्राम दुल्हीपुर, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली का रहने वाला है। उसकी उम्र लगभग 21 वर्ष है।

दान पेटी और 865 रुपये बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से मंदिर से चोरी गई 1 दान पेटी बरामद कर ली है। इसके साथ ही दान पेटी में रखी कुल 865 रुपये की नकदी और सिक्के भी बरामद हुए हैं।

बरामद राशि में 1 रुपये, 2 रुपये, 5 रुपये, 10 रुपये और 20 रुपये के नोट और सिक्के शामिल हैं। पुलिस ने पूरी बरामदगी को कब्जे में ले लिया है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

इस सफल बरामदगी और गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह मय हमराह और उप निरीक्षक संजय कुमार सिंह मय हमराह की अहम भूमिका रही।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में खुशी है। लोगों ने मंदिर की दान पेटी वापस मिलने पर पुलिस का आभार जताया है।