मुगलसराय पुलिस का बड़ा एक्शन: ट्राली बैग में भरकर बिहार ले जाई जा रही 51 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, पटना के 2 तस्कर गिरफ्तार
मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। वीआईपी गेट के पास पकड़े गए इन अभियुक्तों के ट्राली बैग से पुलिस ने 51 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है।
मुगलसराय पुलिस ने पकड़ी 51 लीटर अवैध शराब
ट्राली बैग के जरिए हो रही थी शराब तस्करी
पटना बिहार के रहने वाले दो तस्कर गिरफ्तार
वीआईपी गेट शौचालय के सामने से हुई गिरफ्तारी
अभियुक्त मनोज कुमार का पुराना है आपराधिक इतिहास
चंदौली जनपद में अवैध शराब की तस्करी और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मुगलसराय कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशानुसार और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में, पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के पास से दो शातिर शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। ये तस्कर ट्राली बैग में अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर बिहार ले जाने की फिराक में थे।
मुखबिर की सूचना पर वीआईपी गेट के पास घेराबंदी
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना मुगलसराय पुलिस टीम शनिवार को संदिग्धों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति भारी मात्रा में शराब लेकर बिहार जाने की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वीआईपी गेट स्थित डिलक्स शौचालय के सामने घेराबंदी की। यहाँ दो संदिग्ध युवक ट्राली बैग के साथ खड़े दिखाई दिए, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर तलाशी ली।
ट्राली बैग खोलते ही रह गई दंग रह गई पुलिस
जब पुलिस ने पकड़े गए युवकों के दो ट्राली बैगों को खोलकर चेक किया, तो उसमें कपड़ों की जगह अवैध अंग्रेजी शराब की बोतलें ठूंस-ठूंस कर भरी हुई थीं। बैग से कुल 51 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें 180 मिली की 192 सीसी और 750 मिली की 24 बोतलें शामिल थीं। बरामद शराब की कीमत हजारों में आंकी जा रही है।
बिहार के रहने वाले हैं गिरफ्तार अभियुक्त
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान पटना, बिहार निवासी सागर कुमार (29 वर्ष) और मनोज कुमार (36 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में तस्करों ने स्वीकार किया कि वे उत्तर प्रदेश से सस्ती शराब खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने का काम करते हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त मनोज कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है; वह साल 2018 में भी मुगलसराय थाने में आबकारी अधिनियम के तहत जेल जा चुका है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सुभाष प्रसाद और हेड कांस्टेबल अभिषेक दुबे शामिल रहे। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 77/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के सिंडिकेट को तोड़ने के लिए भविष्य में भी ऐसी चेकिंग अभियान जारी रहेंगे।