ऑटो से हो रही थी हेरोइन की सप्लाई, मुगलसराय पुलिस ने महिला समेत 3 तस्करों को दबोचा
चंदौली की मुगलसराय पुलिस ने ऑटो से नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक महिला सहित तीन शातिर तस्करों को 13 ग्राम हेरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पूरी खबर पढ़ें।
60 पुड़िया हेरोइन के साथ गिरफ्तारी
ऑटो से हो रही थी तस्करी
गिरोह में एक महिला भी शामिल
वाराणसी में सप्लाई की थी तैयारी
महिला तस्कर पर पहले से 4 केस
चंदौली जिले की मुगलसराय पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अभियान चलाकर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने कड़े बंदोबस्त के बीच चेकिंग करते हुए ऑटो से हेरोइन की तस्करी कर रहे एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक महिला समेत तीन तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
यह पूरी कार्रवाई 15 जून 2026 को मुगलसराय के न्यू सेंट्रल कॉलोनी क्षेत्र में हुई। थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम जीटीआर ब्रिज के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ब्रिज की तरफ से आ रहे एक ऑटो को जब रोककर चेक किया गया, तो पुलिस को देख उसमें सवार लोग भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
बरामद हुई 60 पुड़िया हेरोइन
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद सलीम और आजीम अंसारी (दोनों निवासी बाईपास गोधना, अलीनगर) और शहनाज बेगम (निवासी गया, बिहार, हाल पता कसाब महाल, मुगलसराय) के रूप में हुई है। जब पुलिस ने ऑटो की तलाशी ली, तो उसमें रखे एक थैले से 60 छोटी-छोटी पुड़िया बरामद हुईं।
इन पुड़ियों को खोलने पर उसमें अवैध मादक पदार्थ यानी हेरोइन पाई गई। तौल कराने पर बरामद हेरोइन का कुल वजन 13 ग्राम निकला। इसके अलावा पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल हो रहा ऑटो (नंबर UP 67 BT 1532), तीन मोबाइल फोन और ₹200 नगद बरामद किए हैं।
वाराणसी के इलाकों में घूमकर बेचते थे नशा
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि वे लोग कम समय में ज्यादा पैसा और आर्थिक लाभ कमाने के चक्कर में हेरोइन की खरीद-फरोख्त का धंधा करते हैं। वे इस हेरोइन की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर वाराणसी और उसके आस-पास के इलाकों में घूम-घूम कर बेचते थे।
15 जून को भी वे इसी इरादे से हेरोइन को ऑटो में लादकर बिक्री के लिए ले जा रहे थे, लेकिन तभी पुलिस की मुस्तैदी के कारण धरे गए। पुलिस ने सभी के खिलाफ मु0अ0सं0 293/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
महिला तस्कर का है पुराना आपराधिक इतिहास
इस गिरोह में शामिल महिला तस्कर शहनाज बेगम बेहद शातिर किस्म की अपराधी है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, शहनाज पर पहले से ही मुगलसराय थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत 4 अलग-अलग मुकदमे (साल 2019, 2020 और 2022 में) दर्ज हैं। यह उसका पांचवां अपराध था।
इस बड़ी कामयाबी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के साथ सब-इस्पेक्टर सुबाष प्रसाद, हेड कांस्टेबल अभिषेक दूबे, कांस्टेबल विनय बाजपेयी और महिला कांस्टेबल सुधा दूबे शामिल रहीं। पुलिस अब इनके पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।