बैग में '8 PM' के 90 पाउच भरकर ट्रेन से बिहार भागने की फिराक में थे शातिर तस्कर, मुगलसराय स्टेशन पर दबोचे गए
चंदौली की मुगलसराय पुलिस ने पार्सल गेट के पास घेराबंदी करके बिहार के तीन शातिर शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके बैग से 54 हजार रुपये कीमत की 16.2 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई है।
मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई
बिहार के रहने वाले 3 तस्कर गिरफ्तार
पीठू बैग से 90 पाउच अंग्रेजी शराब बरामद
ओला कार से तस्करी करने पहुंचे थे आरोपी
थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में सफलता
मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई
बिहार के रहने वाले 3 तस्कर गिरफ्तार
पीठू बैग से 90 पाउच अंग्रेजी शराब बरामद
ओला कार से तस्करी करने पहुंचे थे आरोपी
थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में सफलता
चंदौली जिले में अवैध शराब और तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय कोतवाली पुलिस को शनिवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार, 4 जुलाई 2026 की सुबह करीब 10:55 बजे पुलिस टीम रेलवे स्टेशन के वीआईपी गेट के पास संदिग्ध गाड़ियों और लोगों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि तीन शातिर तस्कर एक ओला कार (स्विफ्ट डिजायर संख्या UP65MT7990) से उतरकर पीठू बैग में अवैध शराब भरकर पार्सल गेट के रास्ते बिहार भागने की फिराक में हैं।
पार्सल गेट के पास घेराबंदी कर दबोचा
सटीक जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मुन्शी यादव और कांस्टेबल राकेश यादव की टीम ने तुरंत पार्सल गेट के आगे मोर्चा संभाल लिया। जैसे ही बताए हुलिए के तीन युवक पीठू बैग टांगे स्टेशन के अंदर जाने लगे, पुलिस टीम ने घेराबंदी करके तीनों को दबोच लिया। जब उनके बैगों की तलाशी ली गई, तो पुलिस कर्मी भी हैरान रह गए। तीनों के बैग से '8 पीएम गोल्ड' अंग्रेजी शराब के 30-30 पाउच यानी कुल 90 पाउच (180 एमएल प्रत्येक) बरामद हुए।
मुगलसराय से खरीदकर बिहार में बेचते थे शराब
बरामद हुई कुल 16.2 लीटर अंग्रेजी शराब की बाजार में कीमत करीब 54,000 रुपये आंकी गई है। पुलिस की कड़ी पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने कुबूल किया कि वे लोग ओला कार से यह शराब लेकर मुगलसराय रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि वे यहाँ से कम दामों में शराब खरीदते हैं और फिर उसे ट्रेन के रास्ते बिहार ले जाते हैं। बिहार में शराबबंदी होने के कारण वहां वे इसे ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते हैं और उसी अवैध कमाई से अपना खर्च चलाते हैं।
गिरफ्तार आरोपियों का प्रोफाइल और कानूनी कार्रवाई
पकड़े गए आरोपियों की पहचान आर्यन राज (उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम सुखनर, थाना सिरदल्ला), राजू कुमार (उम्र 19 वर्ष, निवासी बरियो, थाना नारदीगंज) और राजीव रंजन (उम्र 21 वर्ष, निवासी गोपालपुर, थाना नेमदारगंज) के रूप में हुई है। ये तीनों आरोपी बिहार के नवादा जनपद के रहने वाले हैं। मुगलसराय पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 (मुकदमा अपराध संख्या- 322/2026) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और उन्हें कोर्ट में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।