दिवाली के पहले खोजे जा रहे हैं जुए के अड्डे, मुगलसराय पुलिस ने जलीलपुर में पकड़े 7 जुआरी
चंदौली के मुगलसराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापा मारकर सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 8,640 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
मुगलसराय पुलिस द्वारा 7 जुआरी गिरफ्तार
जलीलपुर गांव में पुलिस की छापेमारी
8,640 रुपये नकद और ताश बरामद
सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई
चंदौली जिले में अपराधियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। उच्चाधिकारियों के निर्देश और थानाध्यक्ष मुगलसराय अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे 7 शातिर अभियुक्तों को रंगे हाथों दबोच लिया। इस कार्रवाई से इलाके के अन्य जुआरियों में हड़कंप मच गया है।
ऐसे की गई छापेमारी और गिरफ्तारी
बीती 3 नवंबर 2026 को मुगलसराय थाने की पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी, तभी पड़ाव चौराहे पर मौजूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जलीलपुर गांव में पूरन चंद्र विश्वकर्मा के घर के पीछे रास्ते के किनारे कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। इस सूचना पर तत्काल एक्शन लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों तरफ से घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वहां भगदड़ मच गई और जुआ खेल रहे लोग ताश के पत्ते फेंककर भागने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस ने 7 लोगों को मौके पर ही दबोच लिया। हालांकि, कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहे।
नकदी और ताश के पत्ते बरामद
पुलिस टीम द्वारा पकड़े गए अभियुक्तों की जामा तलाशी लेने पर कुल 630 रुपये नकद बरामद हुए, जबकि जुआ खेलने के लिए बिछाए गए फड़ से 8,010 रुपये और 52 ताश के पत्ते मिले। इस प्रकार आरोपियों के पास से कुल 8,640 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने सभी सामग्री को कब्जे में ले लिया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ थाना मुगलसराय में मुकदमा अपराध संख्या 582/2026 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम, 1867 की धारा 13 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
पुलिस द्वारा पकड़े गए सभी 7 आरोपियों की पहचान ग्राम जलीलपुर, थाना मुगलसराय, जिला चंदौली के निवासी के रूप में हुई है। इनके नाम शिव कुमार यादव (उम्र 27 वर्ष), दिनेश जायसवाल (उम्र 32 वर्ष), राजकुमार पासवान (उम्र 28 वर्ष), कृष्ण कुमार (उम्र 34 वर्ष), डब्लू सिंह (उम्र 32 वर्ष), निसार अहमद उर्फ पिंटू (उम्र 30 वर्ष) और सोनू जायसवाल (उम्र 30 वर्ष) हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि मौके से जो लोग भागने में सफल रहे थे, उनकी पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस सफल छापेमारी और गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के साथ जलीलपुर चौकी प्रभारी उ0नि0 अजय कुमार, हेड कांस्टेबल सुशील यादव और कांस्टेबल धनंजय राय, आयुष पाण्डेय, अभिषेक मौर्य तथा हर्ष गोस्वामी शामिल रहे। पुलिस प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की अवैध गतिविधियों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।