ड्राइवर ही निकला लूट का मास्टरमाइंड, तलवार के बल पर सगे भाई के साथ मिलकर रची थी 45 हजार की लूट की साजिश

 

मुगलसराय पुलिस और स्वाट टीम ने कुरहना ओवरब्रिज के पास हुई सनसनीखेज लूट का पर्दाफाश किया है। पिकअप ड्राइवर ने ही अपने भाई और साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। पुलिस ने 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर नकदी और हथियार बरामद किए हैं।

 
 

ड्राइवर ने रची थी लूट की साजिश

तलवार के बल पर की गई छिनैती

स्वाट और मुगलसराय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

लूट की 23 हजार नकदी और मोबाइल बरामद

मिर्जापुर निवासी चार लुटेरे गिरफ्तार

चंदौली जिले में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बीते 2 अप्रैल को कुरहना ओवरब्रिज के पास हुई लूट की घटना का महज 72 घंटों के भीतर सफल अनावरण करते हुए 4 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरी लूट का मास्टरमाइंड कोई बाहरी नहीं, बल्कि पीड़ित का विश्वासपात्र पिकअप चालक ही निकला।

ऐसे हुयी थी घटना?
बीती 2 अप्रैल की रात लगभग 01 बजे, मिर्जापुर निवासी रविन्द्र कुमार और रोहित सिंह गोरखपुर में धान बेचकर मैजिक वाहन से वापस लौट रहे थे। कुरहना ओवरब्रिज के पास वाहन रुकते ही तीन अज्ञात बदमाशों ने धारदार तलवार के बल पर उनके साथ मारपीट की और 45,000 रुपये नकद, मोबाइल फोन और सोने का लॉकेट लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर इस घटना के खुलासे के लिए कई टीमें गठित की गई थीं।

साजिश का पर्दाफाश: 'विभीषण' निकला ड्राइवर
प्रभारी निरीक्षक मुगलसराय राजेश कुमार मिश्रा और स्वाट प्रभारी राम जनम यादव की टीम ने जब इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद ली, तो शक की सुई पिकअप चालक रोहित पटेल की ओर घूमी। कड़ाई से पूछताछ में सच सामने आ गया। रोहित पटेल ने ही अपने सगे भाई विपिन कुमार सिंह को सूचना दी थी कि मालिक के पास बड़ी रकम है। योजना के अनुसार, रोहित ने कुरहना अंडरपास के पास गाड़ी रोकी, जहाँ पहले से घात लगाए उसके भाई विपिन और साथी आकाश व विशाल ने हमला कर दिया। शक से बचने के लिए लुटेरों ने ड्राइवर रोहित के साथ भी झूठी मारपीट की और उसका मोबाइल व लॉकेट छीनने का नाटक किया।

गिरफ्तारी और बरामदगी
पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर 5 अप्रैल को इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी के पास से चारों अभियुक्तों को घेराबंदी कर दबोच लिया। इनके पास से पुलिस ने 23,000 रुपये नकद, 02 मोबाइल फोन और 01 पीली धातु का लॉकेट, 1 अवैध तलवार, 1 सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल (UP63AU8764) बरामद की है।

गिरफ्तार अभियुक्तों का प्रोफाइल
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी जनपद मिर्जापुर के चुनार थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनमें मुख्य साजिशकर्ता विपिन कुमार सिंह (24 वर्ष) और उसका भाई रोहित पटेल (21 वर्ष) शामिल हैं। इनके साथ ही आकाश सिंह (20 वर्ष) और विशाल पटेल (19 वर्ष) को भी सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। इन सभी पर धारा 309(6), 351(3), 317(2) बीएनएस और 4/25 आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

सराहनीय रही पुलिस की भूमिका
इस चुनौतीपूर्ण मामले को सुलझाने में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा, स्वाट प्रभारी राम जनम यादव, उ0नि0 मनोज तिवारी, उ0नि0 अजय कुमार और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की त्वरित कार्रवाई और पेशेवर तरीके से केस सुलझाने की सराहना की है। इस खुलासे के बाद क्षेत्र के व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन का आभार जताया है।