जले मोबिल के ड्रमों में छिपाकर ले जा रहे थे 10 लाख का गांजा, टाटा मैजिक के साथ  2 तस्कर गिरफ्तार

चंदौली जिले की मुगलसराय पुलिस ने चकिया तिराहे पर चेकिंग के दौरान एक टाटा मैजिक से 38 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को जले हुए मोबिल के ड्रमों में छिपा रखा था।

 
 

टाटा मैजिक वाहन से 38 किलो अवैध गांजा बरामद

बरामद मादक पदार्थ की बाजार में कीमत 10 लाख

जले मोबिल के ड्रमों में छिपाकर हो रही थी तस्करी

बिहार के रहने वाले दो शातिर तस्कर गिरफ्तार

मध्य प्रदेश से वाराणसी सप्लाई करने का था प्लान

चंदौली जिले में अपराधियों और नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में मुगलसराय पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चकिया तिराहे के पास घेराबंदी कर एक टाटा मैजिक वाहन से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। तस्करों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए गांजे को जले हुए मोबिल के ड्रमों के भीतर छिपा रखा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

चेकिंग के दौरान पकड़ा गया 10 लाख का माल
अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 मार्च 2026 की तड़के सुबह, प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह की टीम चकिया तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने गोधना बाईपास की तरफ से आ रही एक संदिग्ध टाटा मैजिक (CG-07 AT-3053) को रोका। वाहन की सघन तलाशी के दौरान डाले में रखे ड्रमों से टेप से पैक किए हुए 38 बंडल बरामद हुए, जिनमें कुल 38 किलोग्राम अवैध गांजा भरा था।

मोबिल के ड्रम छिपाकर ले जा रहे थे गांजा
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान निरंजन कुमार और राजू कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उन्हें आकाश नामक एक व्यक्ति ने मध्य प्रदेश के हनुमना से यह गांजा लेकर वाराणसी के पहड़िया पहुँचाने का काम सौंपा था। इसके बदले उन्हें 14,000 रुपये का लालच दिया गया था। पुलिस को चकमा देने के लिए उन्होंने ड्रमों के अंदर गांजा रखकर ऊपर से जला हुआ मोबिल फैला दिया था ताकि दुर्गंध या शक की गुंजाइश न रहे।

टाटा मैजिक को किया गया सीज
बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने गांजे के साथ टाटा मैजिक वाहन, 3 मोबाइल फोन और नगदी बरामद की है। थाना मुगलसराय में अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 0126/2026 के तहत धारा 8/20 NDPS एक्ट में मुकदमा पंजीकृत कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के साथ उपनिरीक्षक अजय कुमार, मुंशी यादव और मुख्य आरक्षी संतोष शाह, सुरेन्द्र कुमार, अतुल सिंह सहित आरक्षी मनीष यादव की प्रमुख भूमिका रही।