मोबाइल पर गेम खिलाने के बहाने ले जाकर मासूम की कर दी हत्या, ऐसे खुला हत्या का राज

 

चंदौली के धीना क्षेत्र में मात्र ₹3000 की ऑनलाइन चोरी पकड़े जाने की चुगली से नाराज 15 वर्षीय किशोर ने 6 साल के मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी। धीना पुलिस की त्वरित कार्रवाई करते हुए मासूम की हत्या का 24 घंटे में पर्दाफाश किया और बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर जेल भेज दिया।

 
 

6 वर्षीय मासूम की नृशंस हत्या

24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

चोरी की चुगली पर मर्डर प्लानिंग

कार्टून दिखाने के बहाने किया मर्डर

कम्पोजिट विद्यालय के अंदर मिला शव

 चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम करजरा में हुई 6 वर्षीय मासूम बालक कार्तिक सिंह की नृशंस हत्या की दिल दहला देने वाली घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज पर्दाफाश कर दिया है। उच्चाधिकारियों के कड़े निर्देशन में धीना थाने के प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की वारदात में संलिप्त 15 वर्षीय मुख्य अभियुक्त (बाल अपचारी) को जनौली तिराहे और एसडी पब्लिक स्कूल के बीच से अपनी अभिरक्षा में ले लिया है।

₹3000 की चोरी की चुगली बनी हत्या की वजह
इस खौफनाक वारदात की पृष्ठभूमि में एक छोटी सी बात पर उपजी रंजिश सामने आई है। पुलिस को दी गई तहरीर में वादिनी कंचन सिंह पत्नी कृष्णा सिंह (निवासी ग्राम करजरा) ने बताया कि उनके पड़ोसी राजेश सिंह का 15 वर्षीय सगा भांजा (बाल अपचारी) बीती 22 मई 2026 को अपने मामा के घर करजरा आया हुआ था। वह वादिनी के घर भी लगातार आता-जाता रहता था। इसी दौरान 26 मई 2026 की शाम को उस किशोर ने कंचन सिंह के मोबाइल से चोरी-छिपे अपने एक दोस्त के खाते में ₹3000 ट्रांसफर कर दिए थे।

इस ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की बात कंचन सिंह के 6 वर्षीय बेटे कार्तिक सिंह ने देख ली और तुरंत अपनी मां को बता दी। चोरी पकड़े जाने और चुगली करने से नाराज होकर किशोर काफी गुस्से में था और उसने कार्तिक को कड़े अंजाम भुगतने की खुली धमकी भी दी थी।

मोबाइल पर गेम और कार्टून दिखाने का दिया झांसा
पैसे तो वापस मंगा लिए गए, लेकिन बाल अपचारी के मन में बदले की आग सुलग रही थी और उसने मासूम कार्तिक को रास्ते से हटाने की पूरी प्लानिंग कर डाली। 31 मई 2026 की दोपहर करीब 11:00 बजे उसने साजिश के तहत कार्तिक को मोबाइल में गेम और कार्टून दिखाने के बहाने बहला-फुसलाकर घर से दूर गांव के ही भगवान शंकर के मंदिर पर ले गया।

वहां कुछ ग्रामीण मौजूद थे, इसलिए उसने सही मौके का इंतजार किया. जैसे ही वहां पूरी तरह सुनसान हुआ और लोगों का आना-जाना बंद हो गया, वह कार्तिक को बहलाकर मंदिर के बगल में स्थित कम्पोजिट विद्यालय करजरा की बाउंड्री वॉल कुदाकर स्कूल परिसर के अंदर ले गया।

स्कूल के ऑफिस के पास दबाया मुंह, जिससे तोड़ दिया दम
कम्पोजिट विद्यालय के एकांत कोने में ले जाकर शातिर किशोर ने मासूम कार्तिक को जमीन पर पटक दिया और उसके सीने पर चढ़कर उसका मुंह और नाक पूरी ताकत से दबा दिया। सांस रुकने के कारण तड़प-तड़पकर मासूम कार्तिक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को स्कूल के अंदर बने ऑफिस के पास छोड़कर फरार हो गया।

इधर, जब काफी समय बीत जाने के बाद भी कार्तिक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। काफी तलाश करने के बाद अंततः मासूम कार्तिक का शव स्कूल के अंदर ऑफिस के पास मृत अवस्था में मिला, जिससे पूरे गांव में कोहराम मच गया।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बरामद किया मोबाइल
परिजनों की सूचना और वादिनी कंचन सिंह से प्राप्त लिखित तहरीर के आधार पर धीना थाने की पुलिस ने तत्काल प्रभाव से मुकदमा अपराध संख्या 43/2026 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर उसके पास से घटना में प्रयुक्त सैमसंग कंपनी का एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।

इस सफल और त्वरित अनावरण कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में धीना के प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक  प्रेमनारायण सिंह, कांस्टेबल अमित सिंह, रिजर्व कांस्टेबल अभिनव वर्मा और रिजर्व महिला कांस्टेबल अनामिका त्रिपाठी मुख्य रूप से शामिल रहीं।