नौगढ़ पुलिस को मिली सफलता, वारण्टी अभियुक्त को किया गिरफ्तार
चंदौली पुलिस का अभियान रंग ला रहा
थाना नौगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
ग्राम बोझ निवासी बाबूलाल चढ़ा पुलिस के हत्थे
POCSO समेत गंभीर धाराओं में दर्ज था मुकदमा
चंदौली जिले में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जिले भर में वांछित और वारंटधारकों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना नौगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वारण्टी अभियुक्त को उसके घर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किया गया अभियुक्त ग्राम बोझ, थाना नौगढ़ का निवासी है।
न्यायालय से जारी NBW पर हुई गिरफ्तारी
थाना नौगढ़ प्रभारी निरीक्षक रमेश यादव के निर्देशन में, उप निरीक्षक मनोज कुमार यादव व उनकी टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए मा. न्यायालय चंदौली द्वारा निर्गत गैर जमानती वारंट (NBW) के आधार पर अभियुक्त बाबूलाल पुत्र रमाशंकर (उम्र 27 वर्ष) को उसके घर से दबोच लिया।
गंभीर धाराओं में दर्ज है मुकदमा
गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ वर्ष 2020 में थाना नौगढ़ में मुक़दमा संख्या 189/20 अंतर्गत धारा 354, 504, 506 भारतीय दंड विधान व 7/8 पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। न्यायालय में लम्बे समय से गैरहाजिर रहने पर उसके विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी किया गया था।
पुलिस टीम की तत्परता से मिली सफलता
इस गिरफ्तार करने वाली टीम में उप निरीक्षक मनोज कुमार यादव और हेड कांस्टेबल सुबेदार सिंह शामिल रहें । दोनों ने मिलकर रणनीति के तहत अभियुक्त के ठिकाने पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार किया।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे नियमानुसार न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।