उड़ीसा से गोरखपुर ले जाई जा रही थी गांजे की बड़ी खेप, चंदौली पुलिस और ANTF ने दबोचे 2 तस्कर

 

चंदौली कोतवाली पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 किलो 260 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से गोरखपुर की एक युवती समेत दो तस्करों को दबोचा है।

 
 

19.260 किलो अवैध गांजा हुआ बरामद

गोरखपुर निवासी युवती समेत दो गिरफ्तार

उड़ीसा से लाकर गोरखपुर जा रहे थे

एनएच-19 नरसिंहपुर रोड के पास हुई घेराबंदी

पुलिस और ANTF टीम की संयुक्त कार्रवाई

चंदौली जिले में नशे के कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में रविवार को चंदौली कोतवाली पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 19 किलो 260 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान मौके से एक युवती समेत दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो उड़ीसा से गांजे की खेप लेकर गोरखपुर जाने की फिराक में थे।

मुखबिर की सूचना पर एनएच-19 के पास बिछाया गया जाल
जानकारी के मुताबिक, एएनटीएफ थाना गाजीपुर के उपनिरीक्षक शमी अशरफ शेख और कांस्टेबल अमित कुमार चौरसिया चंदौली क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि कुछ तस्कर उड़ीसा से अवैध गांजा लेकर चंदौली और वाराणसी के रास्ते गोरखपुर जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक एएनटीएफ ऑपरेशनल यूनिट वाराणसी राजकुमार त्रिपाठी के निर्देशन में टीम गठित की गई। इसके बाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के सहयोग से मंडी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मारकंडेय सिंह और महिला कांस्टेबल शीतला राव की संयुक्त टीम ने एनएच-19 स्थित मझवार रेलवे स्टेशन के पास चेकिंग शुरू की।

तेज कदमों से भागने की कोशिश में घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर ने नरसिंहपुर रोड के पास अपने-अपने बैग के साथ खड़े एक युवक और एक युवती की ओर इशारा किया। पुलिस टीम ने जब दोनों संदिग्धों को रुकने का इशारा किया, तो वे घबरा गए और तेज कदमों से आगे बढ़कर निकलने की कोशिश करने लगे। मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने बैग में गांजा होने की बात कबूल की और बताया कि वे वाराणसी जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे।

गोरखपुर के रहने वाले हैं दोनों युवा तस्कर, मुकदमा दर्ज
तलाशी लेने पर दोनों के बैग से कुल 19 किलो 260 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गोरखपुर जिले के राजघाट थाना क्षेत्र स्थित अमरुद मंडी निवासी नीरज साहनी (19 वर्ष) पुत्र राधेश्याम साहनी और प्रीति कुमारी (21 वर्ष) पुत्री लक्ष्मण निषाद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना चंदौली में मुकदमा अपराध संख्या 541/2026 के तहत धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।