धीना, मुगलसराय और सैयदराजा पुलिस की बड़ी सफलता, चोरी की बाइक, 21 गोवंश और वारंटी समेत 3 गिरफ्तार

 

चंदौली पुलिस ने अपराध पर नकेल कसते हुए तीन अलग-अलग थानों से 3 आरोपियों को पकड़ा है। इसमें वसूली वारंटी, बनारस से चोरी हुई अपाचे बाइक समेत शातिर चोर और 2 साल से फरार 21 गोवंशों की तस्करी का चालक आरोपी शामिल है।

 
 

चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

धीना से एक वारंटी गिरफ्तार

अस्सी घाट से चोरी बाइक बरामद

2 साल से वांछित गोतस्कर पकड़ा गया

चंदौली जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के तीन अलग-अलग थानों धीना, मुगलसराय और सैयदराजा की पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक वसूली वारंटी, चोरी की बाइक चलाने वाला अभियुक्त और 2 साल से फरार गोवंश तस्कर का ड्राइवर शामिल है।

धीना पुलिस ने घर से दबोचा वसूली वारंटी
पहली कार्रवाई धीना थाना पुलिस द्वारा की गई। प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय चंदौली द्वारा जारी वसूली वारंट (प्रकीर्ण वाद संख्या 301/2025 निधि मिश्रा बनाम सतीश पांडेय, धारा 147 बीएनएसएस) के सिलसिले में पुलिस ने कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक दिलीप श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुबह करीब 10:30 बजे पसाई गांव में दबिश देकर आरोपी सतीश पांडेय (उम्र 30 वर्ष) पुत्र रमेश पांडेय को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

मुगलसराय में चोरी की अपाचे बाइक के साथ शातिर गिरफ्तार
दूसरी सफलता मुगलसराय थाना पुलिस को मिली। थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति चोरी की बाइक के साथ आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने एंबीशन स्कूल दांडी के पास मुख्य सड़क पर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान मुगलसराय की तरफ से आ रहे एक बाइक सवार को जब टॉर्च की रोशनी दिखाकर रोकने का इशारा किया गया, तो उसने गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की।

पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी करके उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान फरदीन शाह (उम्र 30 वर्ष) पुत्र स्व. गुलजार शाह, निवासी ग्राम कटेसर थाना मुगलसराय के रूप में हुई। उसके पास से चोरी की काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल (नंबर UP 66 J 0727) बरामद की गई।

वाराणसी के अस्सी घाट से चोरी की थी बाइक
पूछताछ में आरोपी फरदीन शाह ने बताया कि उसने और उसके साथी ने मिलकर यह बाइक करीब 5-6 महीने पहले वाराणसी के अस्सी घाट के पास से चोरी की थी। तब से दोनों बारी-बारी से इस गाड़ी का इस्तेमाल कर रहे थे। घटना के दिन वह अपने दोस्त से मिलकर पड़ाव की तरफ जा रहा था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इस मामले में पुलिस ने धारा 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सैयदराजा पुलिस ने 2 साल से वांछित गोतस्कर चालक को दबोचा
तीसरी बड़ी सफलता सैयदराजा थाना पुलिस को मिली। थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में पिछले 2 वर्षों से वांछित चल रहे वाहन चालक सुरेंद्र कुमार पटेल उर्फ लाल बादशाह को गिरफ्तार किया है। आरोपी को नवनिर्माणाधीन जिलाधिकारी कार्यालय जाने वाले तिराहे (बहदग्राम बिछिया) के पास से पकड़ा गया।

आरोपी सुरेंद्र कुमार पटेल (निवासी ग्राम जमालमऊ, थाना कोखराज, जिला कौशांबी) के खिलाफ सैयदराजा थाने में वर्ष 2024 में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और भादवि की धारा 429 के तहत मुकदमा (मु.अ.सं. 66/2024) पंजीकृत था।

21 गोवंश से लदे ट्रक को छोड़कर भाग गया था आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि 2 मई 2024 को वह डीसीएम ट्रक (संख्या UP 70 CD 0901) में 21 गोवंशों को लादकर बिहार वध के लिए ले जा रहा था। नौबतपुर के पास पुलिस चेकिंग की भनक लगते ही वह चेकिंग स्थल से 200 मीटर पहले ही ट्रक छोड़कर फरार हो गया था। उसने बताया कि वह अपने मुकदमे की जानकारी करने चंदौली आया था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है और उसके खिलाफ कौशांबी जिले के कोखराज थाने में धारा 304 भादवि के तहत भी मुकदमा दर्ज है।

चंदौली पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे अभियानों के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।