भूसी की बोरियों के नीचे छिपाई थी 70 लाख की शराब, चंदौली पुलिस ने घेराबंदी कर बिहार के दो शातिर तस्करों को दबोचा

 

चंदौली पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर करीब 70 लाख रुपये की शराब बरामद की है। सैयदराजा पुलिस ने बोलेरो पिकअप से 618 लीटर शराब के साथ बिहार के दो तस्करों को और मुगलसराय पुलिस ने एक स्थानीय तस्कर को दबोचा है।

 
 

70 लाख रुपये की अवैध शराब जब्त

बोलेरो पिकअप से 618 लीटर शराब बरामद

बिहार के दो शातिर तस्कर गिरफ्तार

भूसी के नीचे छिपाकर हो रही थी तस्करी

मुगलसराय से 123 पाउच शराब बरामद

चंदौली जिले में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जुटा हुआ है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस कप्तान आकाश पटेल के मार्गदर्शन में जिले भर में तस्करों के खिलाफ एक खास मुहिम चलाई जा रही है। इसी क्रम में सैयदराजा और मुगलसराय थाना पुलिस को एक बहुत बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने अलग-अलग जगहों से करीब 70 लाख रुपये की अनुमानित कीमत वाली अवैध देसी और अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से तीन शातिर आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।

भूसी की बोरियों के नीचे छिपा रखी थी मौत
पहली बड़ी सफलता सैयदराजा पुलिस को हाथ लगी। थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा की टीम को मुखबिर से पक्की सूचना मिली थी कि हाईवे के रास्ते शराब की एक बड़ी खेप बिहार ले जाई जा रही है। पुलिस टीम ने फौरन जेठमलपुर ओवरब्रिज (NH-19) के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो पिकअप (संख्या BR24GC4673) को रोका। जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो पुलिस हैरान रह गई। गाड़ी में ऊपर 15 प्लास्टिक की बोरियों में भूसी भरी हुई थी, लेकिन जब उन्हें हटाया गया तो नीचे शराब का जखीरा छिपा था।

सैयदराजा से 618 लीटर शराब बरामद
पुलिस ने पिकअप गाड़ी से कुल 618 लीटर अवैध शराब बरामद की। इसमें 18 पेटी देसी ब्लू लाइम शराब (720 पाउच) और 38 पेटी किंगफिशर स्ट्रांग बीयर (912 केन) शामिल थी। पुलिस ने मौके से बिहार के रोहतास जिले के रहने वाले दो तस्करों, 28 वर्षीय प्रिंस कुमार यादव (निवासी खेलड़िया, विक्रमगंज) और 19 वर्षीय शुभम कुमार (निवासी सखनुसराय, सासाराम) को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक मोबाइल फोन भी मिला है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मुगलसराय में भी दबोचा गया एक तस्कर
शराब के खिलाफ दूसरी कार्रवाई मुगलसराय पुलिस ने की। थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम नई डांडी इलाके में जयपुरिया स्कूल के सामने वाहनों की जांच कर रही थी। तभी पुलिस को एक युवक सफेद रंग के बोरे में कुछ सामान ले जाता हुआ दिखाई दिया। शक होने पर पुलिस ने उसे रोका और बोरे की तलाशी ली, तो उसमें से कुल 123 पाउच (24.6 लीटर) देसी शराब बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी की पहचान स्थानीय निवासी प्रमोद यादव उर्फ लालू यादव (उम्र 27 वर्ष, निवासी करवत नई डांडी) के रूप में हुई है।

महंगे दामों पर बेचने की थी प्लानिंग
पकड़े गए स्थानीय आरोपी प्रमोद यादव ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह जिले की अलग-अलग देसी शराब की दुकानों से थोड़े-थोड़े पाउच खरीदकर इकट्ठा करता था। इसके बाद वह इन पाउचों को आसपास के गांवों और रिहायशी इलाकों में जरूरतमंद लोगों को महंगे दामों पर बेचकर अवैध मुनाफा कमाता था। मुगलसराय पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था और नशामुक्त माहौल बनाए रखने के लिए ऐसी ताबड़तोड़ कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी।