राउतपुर गांव में दबंगों का तांडव, घर में घुसकर मारपीट और महिला से छेड़छाड़
चंदौली कोतवाली के राउतपुर गांव में दबंगों का तांडव
घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़
मारपीट और मंगलसूत्र छीना
घटना का वीडियो हुआ वायरल
दबंगों के डर से एसपी ऑफिस पहुंची पीड़िता गूंजा देवी
पुलिस ने शुरू की जमीन विवाद से जुड़े सनसनीखेज मामले की जांच
चंदौली जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत राउतपुर गांव में दबंगों द्वारा घर में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट और एक महिला से छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है। वारदात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसके बाद पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगाने एसपी ऑफिस पहुंचा।
पीड़िता गूंजा देवी ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) के सामने अपनी आपबीती सुनाई और आरोप लगाया कि दबंगों ने उनके घर और दुकान में घुसकर जमकर तांडव मचाया।
पीड़िता का आरोप: मंगलसूत्र छीना, पति को पीटा
पीड़िता गूंजा देवी ने आरोप लगाया कि दबंगों ने न सिर्फ उनके साथ मारपीट की, बल्कि उनसे छेड़छाड़ भी की और उनका मंगलसूत्र छीन लिया। गूंजा देवी ने कहा कि दबंगों ने हमारे घर में घुसकर तोड़फोड़ की। मेरे पति को भी बुरी तरह पीटा और मेरी दुकान तहस-नहस कर दी। उन्होंने मेरा मंगलसूत्र छीन लिया और छेड़छाड़ की। हम बहुत डरे हुए हैं और हमें न्याय चाहिए।
पीड़िता के परिजनों ने भी बताया कि दबंगों की इस करतूत के कारण उनका पूरा परिवार दहशत में है। पीड़िता के परिजन दबंगों के डर से हम घर में नहीं रह पा रहे हैं। गांव में कोई हमारी मदद नहीं कर रहा है। हमने एसपी साहब से गुहार लगाई है ताकि हमें और हमारी बेटी को सुरक्षा मिल सके।
एसपी के निर्देश पर सदर पुलिस जांच में जुटी
दबंगों के इस तांडव और घटना का वीडियो वायरल होने के बाद, पीड़ित गूंजा देवी अपने परिजनों के साथ एसपी ऑफिस पहुंची और न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल सदर थाना पुलिस को मामले की गहनता से जांच करने के निर्देश दिए।
इस संबंध में सदर थाना प्रभारी ने बताया कि यह मामला जमीन संबंधी विवाद और रास्ते को लेकर चल रहे पुराने तनाव से जुड़ा है। उन्होंने पुष्टि की कि एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने कहा कि हमने पीड़िता के आरोपों को संज्ञान में लिया है। मामला जमीन विवाद से जुड़ा है, लेकिन मारपीट, छेड़छाड़ और तोड़फोड़ की शिकायत दर्ज की गई है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। हम तथ्यों के आधार पर जल्द से जल्द कार्रवाई करेंगे और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस की जांच शुरू होने के बाद माना जा रहा है कि जल्द ही दबंगों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।