चंदौली में अलीनगर पुलिस ने 25 हजार का इनामिया तस्कर को दबोचा, 80 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद

 

चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामिया तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 80 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद की है। आरोपी पहले पकड़ी गई 720 लीटर कफ सिरप तस्करी के मामले में वांछित था।

 
 

25 हजार का इनामिया तस्कर गिरफ्तार

80 लीटर अवैध कफ सिरप बरामद

अलीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

720 लीटर बरामदगी से जुड़ा मामला

नशीली दवा तस्करी पर शिकंजा

चंदौली जिले की अलीनगर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामिया वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 80 लीटर अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद की है। आरोपी पहले से दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में फरार चल रहा था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी।

720 लीटर कफ सिरप बरामदगी से जुड़ा है मामला
पुलिस के मुताबिक, 22 जुलाई 2026 को रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास एक संदिग्ध लावारिस ट्रक की तलाशी ली गई थी। जांच के दौरान मुर्गी दाने की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 72 पेटियों से 7,200 शीशियां यानी कुल 720 लीटर अवैध कोडीन एवं एस्कफ सिरप बरामद हुई थी।

इस मामले में अलीनगर थाने में एनडीपीएस एक्ट और औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान दयाशंकर का नाम सामने आने पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया आरोपी
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। 28 जुलाई को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने महादेवपुर रेलवे लाइन अंडरपास के पास से दयाशंकर पुत्र स्वर्गीय जनक सिंह, निवासी जमालपुर, थाना मतसेना, जनपद फिरोजाबाद को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से 800-800 सीसी की शीशियों में भरी कुल 80 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद हुई। पुलिस ने बरामद सिरप को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

पूछताछ में आरोपी ने किया खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह ट्रक संख्या UP74T4726 का चालक है। ट्रक में वाराणसी से गुवाहाटी भेजे जा रहे मुर्गी दाने के बीच प्रयागराज में कोडीन युक्त कफ सिरप छिपाकर लोड की गई थी। इस खेप को पश्चिम बंगाल पहुंचाया जाना था। आरोपी ने बताया कि ट्रांसपोर्टर द्वारा ट्रक रुकवाने के बाद उसने अपने साथियों के साथ कुछ अवैध माल निकालकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया था। वह उसी छिपाए गए माल को लेने पहुंचा था, लेकिन पुलिस ने पहले ही जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित मुकदमे में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, आलूमिल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह, भूपौली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह  सहित अलीनगर पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों और अवैध दवाओं की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा। ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।