चंदौली जिले में रिंग रोड पर चोरों का आतंक: 3 ट्रकों से 300 लीटर डीजल और रिफाइंड तेल के 47 डिब्बे पार
चंदौली में रिंग रोड पर खड़े तीन ट्रकों से चोरों ने करीब 300 लीटर डीजल और रिफाइंड तेल के 47 डिब्बे चोरी कर लिए। नेपाल से वाराणसी जा रहे ट्रक चालकों की नींद का फायदा उठाकर गिरोह ने इस वारदात को अंजाम दिया।
* 300 लीटर डीजल हुआ चोरी
* रिफाइंड तेल के 47 डिब्बे गायब
* सोते रहे चालक सक्रिय रहा गिरोह
* मुगलसराय कोतवाली पुलिस जांच में जुटी
चंदौली जिले में मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत रिंग रोड पर चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। सहजौर-छेमिया गांव के पास सड़क किनारे खड़े तीन ट्रकों को निशाना बनाते हुए शातिर चोरों ने लगभग 300 लीटर डीजल और रिफाइंड तेल के लगभग 47 डिब्बे पार कर दिए हैं। यह घटना उस समय हुई जब ट्रक चालक लंबी यात्रा के बाद थकान मिटाने के लिए सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी कर सो रहे थे।
नेपाल से वाराणसी जा रहे थे ट्रक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये तीनों ट्रक पड़ोसी देश नेपाल के बीरगंज से माल लादकर वाराणसी के पड़ाव क्षेत्र की ओर जा रहे थे। रास्ते में नींद आने पर चालकों ने रिंग रोड पर ही विश्राम करने का फैसला किया। इसी दौरान सक्रिय चोर गिरोह ने मौका पाकर ट्रकों के फ्यूल टैंकों से डीजल निकाल लिया और ट्रक में लदे रिफाइंड तेल के कीमती डिब्बे भी उठा ले गए।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने पर पुलिस एक्टिव
सुबह जब ट्रक चालकों की नींद खुली, तो चोरी का पता चला। चालकों ने तत्काल इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दी। पीड़ित चालकों ने घटनास्थल का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया है ताकि अन्य ट्रक चालक भी सावधान रहें।
इस संबंध में मुगलसराय कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक चालकों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय मुखबिरों की मदद से चोर गिरोह की तलाश में जुटी है।