स्कॉर्पियो रोकी तो पुलिस को कुचलने की कोशिश, गाड़ी में 4 जानवरों को लेकर जा रहे थे बंगाल, दो तस्कर गिरफ्तार

 

चंदौली की सैयदराजा पुलिस ने नौबतपुर तिराहे के पास चेकिंग के दौरान एक स्कर्पियो से 4 गोवंश और चापड़ बरामद किया है। पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश करने वाले दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

 
 

सैयदराजा पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी

स्कॉर्पियो से चार गोवंश बरामद किए

पुलिस को कुचलकर भागने की कोशिश

शातिर तस्कर किशन पर गैंगस्टर एक्ट

जौनपुर से बिहार जा रही थी खेप

चंदौली जिले के सैयदराजा थाना प्रभारी अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर नेशनल हाईवे-2 (NH-2) पर स्थित नौबतपुर तिराहे के पास उत्तरी लेन पर चेकिंग लगा रखी थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो (UP14 BW 3477) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें क्रूरता से लदे गोवंश बरामद हुए।

पुलिस टीम को कुचलने का किया प्रयास
चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने टॉर्च और हाथ के इशारे से स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया, तो तस्करों ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। तस्करों ने पुलिस बल पर ही गाड़ी चढ़ाकर उन्हें कुचलने और भागने की कोशिश की। हालांकि, रफ्तार तेज होने के कारण स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग और डिवाइडर से टकराकर रुक गई।

घेराबंदी कर दो शातिर तस्कर दबोचे
गाड़ी रुकते ही पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए अपना बचाव किया और घेराबंदी करके गाड़ी में सवार दोनों तस्करों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार के कैमूर भभुआ निवासी किशन यादव और गाजीपुर जिले के खानपुर निवासी दिनेश यादव के रूप में हुई है। पुलिस को गाड़ी की तलाशी में एक चापड़, 4 गोवंश (एक गाय, तीन बैल), दो मोबाइल और ₹700 नकद मिले।

प्रति खेप मिलते थे सात हजार रुपये
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इन गोवंशों को जौनपुर जिले से ला रहे थे और बिहार ले जाकर गोविंद सिंह नाम के व्यक्ति को सौंपने वाले थे। इस काम के लिए उन्हें प्रति चक्कर (खेप) सात-सात हजार रुपये मिलते थे। पकड़े जाने के डर से ही उन्होंने पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की थी।

मुख्य आरोपी किशन यादव का है आपराधिक इतिहास
पकड़े गए आरोपियों में शामिल किशन यादव एक शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से ही चंदौली के बबुरी और मुगलसराय थाने में गोवंश तस्करी, जालसाजी (420) और यूपी गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामलों के तहत तीन मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले भी कई गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल रहा है।

विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज
इस मामले में सैयदराजा पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ मु.अ.सं. 198/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 व 3(5), और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस शानदार कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक लालधर यादव, आरक्षी शंकर प्रसाद, बृजेश चौहान, ऋषि कुमार, अमन कुमार और चालक राजू सिंह शामिल रहे।