भाई-बहन की कहासुनी में कूदे पड़ोसी, तलवार से काटकर बाप-बेटे को किया लहूलुहान, सैयदराजा में 2 आरोपी धरे गए
चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र के ककरही मनराजपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर तलवार और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने वाले दो नामजद आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से हमलावर हथियार भी बरामद हुए हैं।
सैयदराजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
तलवार और लाठी के साथ गिरफ्तारी
पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला
लहूलुहान हुए थे दो लोग
बाप-बेटे को भेजा गया जेल
चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम ककरही मनराजपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ मामूली विवाद को लेकर एक पड़ोसी परिवार ने दूसरे परिवार पर तलवार और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
भाई-बहन की बात में कूद पड़े आरोपी
घटनाक्रम के अनुसार, बीते 09 जुलाई 2026 की रात करीब 08:30 बजे वादिनी शारदा देवी का बेटा शिव प्रकाश वर्मा काम से घर लौटा था। वह अपनी बहन पुष्पा से खाना मांग रहा था, तभी दोनों भाई-बहन में किसी बात को लेकर कहा-सुनी होने लगी। इसी बात को लेकर बगल का पड़ोसी गुड्डू अंसारी, जो पहले से ही रंजिश रखता था, वादिनी की बेटी को भला-बुरा कहने लगा। जब शिव प्रकाश ने इसका विरोध किया, तो पड़ोसी भड़क गए।
सिर फाड़ दिया और काट डाला कान
विरोध करने पर अभियुक्त गुड्डू अंसारी, उसका बेटा महफूज आलम, पत्नी मेहरूनिशा और भाई का बेटा मेराज अंसारी एकराय होकर हाथ में लाठी-डंडा और तलवार लेकर आ गए। इन लोगों ने जान से मारने की नीयत से शिव प्रकाश को पीटना शुरू कर दिया। जब शिव प्रकाश को बचाने के लिए उसके पिता राजनाथ सेठ बीच-बचाव करने आए, तो आरोपियों ने उन पर भी तलवार और लाठी से हमला कर दिया। इस हमले में राजनाथ के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि शिव प्रकाश का सिर फट गया और कान कट गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा
इस खूनी वारदात के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर सैयदराजा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 215/2026, धारा 109(1), 115(2), 351(3), 352, 3(5), 118(2) बी.एन.एस. के तहत केस दर्ज किया गया था। थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम के उपनिरीक्षक धर्मदेव प्रसाद और संतोष तिवारी ने मुखबिर की सूचना पर 12 जुलाई 2026 की रात करीब 00:20 बजे आरोपी गुड्डू अंसारी और उसके बेटे महफूज आलम को गिरफ्तार कर लिया।
हमले में इस्तेमाल हथियार बरामद
पुलिस ने पकड़े गए दोनों अभियुक्तों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई एक तलवार (बड़ा खंजर), एक लाठी और 220 रुपये नगद बरामद किए हैं। इस कामयाबी को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उ०नि० धर्मदेव प्रसाद, उ०नि० संतोष तिवारी, हे०का० रंजय सिंह और का० अभय कुमार शामिल रहे। पुलिस अब बाकी आरोपियों की तलाश के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।