50 हजार का इनामी बदमाश शहजाद गिरफ्तार, सैयदराजा पुलिस और सर्विलांस टीम ने असलहे के साथ दबोचा

 

चंदौली की सैयदराजा और सर्विलांस पुलिस टीम ने 25 टन कोयला लदे ट्रक लूट मामले में 50,000 रुपये के इनामी अभियुक्त शहजाद अली और उसके साथी मसीद को अवैध तमंचे के साथ एनएच-19 से गिरफ्तार कर लिया है।

 
 

50 हजार का इनामी बदमाश शहजाद गिरफ्तार

कोयला लदा ट्रक लूटने के मामले में कार्रवाई

सैयदराजा पुलिस और सर्विलांस टीम को सफलता

एनएच-19 काले शहीद बाबा मजार के पास गिरफ्तारी

आरोपी के पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद

चंदौली जिले के थाना सैयदराजा और सर्विलांस पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस टीम ने 25 टन कोयला लदे ट्रक की लूट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 50,000 रुपये के इनामी आरोपी शहजाद अली को उसके साथी के साथ दबोच लिया है।

2024 में बगही कुम्भापुर के पास हुई थी वारदात
पूरे मामले की शुरुआत 27 नवंबर 2024 को हुई थी, जब डेहरी (बिहार) से सीतापुर के लिए 25 टन कोयला लादकर चला ट्रक (BR01GF8742) 28 नवंबर की रात करीब 2:30 बजे सैयदराजा क्षेत्र के बगही कुम्भापुर के पास से लूट लिया गया था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में पुलिस 3 आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी थी।

एनएच-19 से घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
22 जुलाई 2026 को थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्र और सर्विलांस प्रभारी आशीष मिश्रा की अगुवाई में पुलिस टीम ने एनएच-19 पर स्थित काले शहीद बाबा मजार के पास से घेराबंदी की। इस दौरान एक ट्रक (DD01AL9764) के साथ वांछित इनामी अभियुक्त शहजाद अली और उसके साथी मसीद को गिरफ्तार कर लिया गया।

अवैध असलहा बरामद, आर्म्स एक्ट में नया केस
पकड़े गए आरोपियों में शहजाद अली और मसीद दोनों ही प्रतापगढ़ जिले के देल्हुपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। गिरफ्तारी के समय मसीद के पास से एक .315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इस अवैध हथियार की बरामदगी के आधार पर मसीद के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।

कड़े कानूनी शिकंजे में आरोपी, विधिक कार्रवाई जारी
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक शहजाद अली और मसीद दोनों ही सैयदराजा थाने में दर्ज ट्रक लूट के मुकदमे में नामजद अभियुक्त हैं। मसीद पर अब आर्म्स एक्ट का नया मामला भी दर्ज हो गया है। सैयदराजा पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी और जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।