फाइनेंस कंपनी की गुंडई: किस्त बकाया होने पर जबरन ट्रक खींचने पर लूट का केस, यार्ड का मालिक अरेस्ट 

 

चंदौली के नौबतपुर में महज एक किस्त बकाया होने पर चालक-खलासी से मारपीट कर जबरन ट्रक छीनने वाली फाइनेंस एजेंसी पर पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बिहार के यार्ड संचालक को गिरफ्तार कर ट्रक बरामद कर लिया है। पूरी खबर पढ़ें।

 
 

नौबतपुर में जबरन ट्रक छीनने का मामला

भारत रेपोशेशन एजेंसी पर लूट का केस

बिहार के यार्ड से ट्रक हुआ बरामद

यार्ड संचालक प्रिंस सिंह हुआ गिरफ्तार

एसपी के कड़े रुख से हड़कंप

 चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र के अंतर्गत नौबतपुर में किश्त बकाया होने पर एक ट्रक को जबरन छीनने वाले फाइनेंस एजेंसी के कारिंदों के खिलाफ पुलिस ने बेहद कड़ा रुख अख्तियार किया है। पुलिस ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए भारत रेपोशेशन एजेंसी के खिलाफ लूट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने एक यार्ड संचालक को गिरफ्तार कर लूटा गया ट्रक भी बरामद कर लिया है।

यह पूरी कार्रवाई चंदौली पुलिस अधीक्षक द्वारा पूर्व में दिए गए उन सख्त निर्देशों के अनुपालन में की गई है, जिसमें उन्होंने साफ कहा था कि ऋण वसूली के नाम पर किसी भी प्रकार की गुंडई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई भी फाइनेंस कंपनी नियम विरुद्ध जाकर वाहन खींचेगी, तो उसके खिलाफ सीधे लूट का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

मात्र एक किस्त बकाया होने पर की थी मारपीट
पूरे घटनाक्रम के अनुसार, पीड़ित चालक अमिताभ साहनी (निवासी मुजफ्फरपुर, पोस्ट भभौरा, थाना चकिया, जनपद चंदौली) द्वारा पुलिस अधीक्षक को एक लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया था। प्रार्थना पत्र में बताया गया कि वह ट्रक संख्या BR44GA7998 का चालक है। बीते 2 जून 2026 को दोपहर करीब 3:00 बजे वह नौबतपुर के पास से गुजर रहा था, तभी बिना नंबर प्लेट की तीन-चार गाड़ियों में सवार होकर कुछ अज्ञात व्यक्ति आए, जो खुद को गाड़ी का फाइनेंसर बता रहे थे।

उन व्यक्तियों ने हाईवे के बीच में ही ट्रक को जबरन रुकवा लिया। जब चालक और खलासी ने इसका विरोध किया, तो इन कथित रिकवरी एजेंटों ने गाड़ी के खलासी के साथ सरेआम बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद वे लोग जबरन ट्रक को अपने साथ हांक ले गए। पीड़ित चालक के अनुसार, गाड़ी की मात्र एक किस्त (रुपये 47,958/-) ही बकाया थी। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मु0अ0सं0 172/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(6) और 317(2) के अंतर्गत डकैती और लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

बिहार के पार्किंग यार्ड से आरोपी गिरफ्तार
सैयदराजा थाना प्रभारी अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मामले की गहनता से पड़ताल शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी लूटे गए ट्रक को नौबतपुर से पार कर बिहार के दुर्गावती स्थित वैष्णवी पार्क यार्ड में छुपा कर खड़े किए हुए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने 4 जून 2026 को दोपहर करीब 1:10 बजे वैष्णवी एसोसिएट/पार्किंग यार्ड (दुर्गावती, कैमूर, बिहार) में छापेमारी की।

पुलिस ने मौके से लूटा गया ट्रक बरामद करते हुए यार्ड संचालक प्रिंस सिंह पुत्र टुन्नु सिंह उर्फ भानू प्रताप (निवासी ग्राम दुलही, पोस्ट करजी, थाना चांद, जनपद कैमूर, बिहार) को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार, इस अवैध वसूली और लूट के खेल में शामिल भारत रेपोशेशन एजेंसी के अन्य कर्मचारियों के नाम भी प्रकाश में आ चुके हैं। उन सभी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

SP के दो टूक निर्देश- विधिक प्रक्रिया से ही होगी रिकवरी
इस बड़ी कार्रवाई के बाद पुलिस प्रशासन ने फाइनेंस कंपनियों को एक बार फिर कड़ा संदेश दिया है। दरअसल, करीब दो माह पूर्व ही पुलिस अधीक्षक महोदय ने जनपद के सभी फाइनेंस कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ एक हाई-लेवल बैठक की थी। इस बैठक में सभी को स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि ऋण वसूली (Recovery) के दौरान किसी भी हाल में अवैध दबाव, गाली-गलौज, डराने-धमकाने या गुंडई का सहारा न लिया जाए।

एसपी ने सख्त लहजे में निर्देश दिए थे कि यदि भविष्य में किसी भी एजेंट द्वारा जबरन गाड़ी खींचने या अभद्रता की शिकायत मिली, तो न केवल एजेंट बल्कि पूरी फाइनेंस एजेंसी के खिलाफ लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। सैयदराजा पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध तरीके से वाहन खींचने वाले रिकवरी एजेंटों और एजेंसियों में भारी हड़कंप मचा हुआ है। इस सफल ऑपरेशन को थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उप-निरीक्षक संतोष तिवारी, कांस्टेबल बृजेश चौहान, शंकर प्रसाद और चालक राजू सिंह की टीम ने अंजाम दिया।