सैयदराजा पुलिस का बड़ा एक्शन: बोलेरो से बिहार भेजा जा रहा 2000 लीटर अवैध डीजल जब्त, 2 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
चंदौली की सैयदराजा पुलिस ने एनएच-2 पर बगही कुम्भापुर के पास से एक बोलेरो कार से बिहार ले जाया जा रहा 2000 लीटर अवैध डीजल बरामद किया है। मौके से हरियाणा और राजस्थान के दो शातिर तस्कर दबोचे गए हैं।
2000 लीटर अवैध डीजल बरामद
बोलेरो गाड़ी से हो रही थी तस्करी
जब्त ईंधन की कीमत ₹1.87 लाख
हरियाणा और राजस्थान के तस्कर गिरफ्तार
आवश्यक आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू
उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों से होकर बिहार में होने वाली अवैध तस्करी के खिलाफ पुलिस प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में चंदौली जिले के उच्चाधिकारियों के निर्देशन में मादक पदार्थों, शराब और गो-तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान सैयदराजा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने एनएच-02 हाईवे पर नाकाबंदी कर एक बोलेरो वाहन से बिहार राज्य ले जाए जा रहे 2000 लीटर अवैध डीजल को बरामद किया है। बरामद किए गए इस ईंधन की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1 लाख 87 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से दो शातिर अंतरराज्यीय तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर एनएच-02 पर घेराबंदी
सैयदराजा थाना पुलिस के मुताबिक, बुधवार 20 मई 2026 को चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से इस तस्करी के संबंध में सटीक इनपुट मिला था। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे-2 पर स्थित ग्राम बगही कुम्भापुर के पास जाल बिछाया। इसी दौरान एक संदिग्ध बोलेरो वाहन (संख्या UP758T7546) आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने जब वाहन को रोककर उसकी बारीकी से तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में अवैध डीजल छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गाड़ी को जब्त कर लिया और उसमें सवार दोनों अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान नावेद पुत्र मैनुद्दीन, निवासी बीजोपुर (थाना सिकरौना, जनपद फरीदाबाद, हरियाणा) और मोईन पुत्र सुबेद्दीन, निवासी बन्दापुर (थाना चौपानकी, जनपद अलवर, राजस्थान) के रूप में हुई है।
बिहार की कंस्ट्रक्शन कंपनी को थी डिलीवरी
पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में पकड़े गए तस्करों ने अपने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया है। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे 20 मई 2026 की रात को चंदौली के आरआर फ्यूल गोधना स्थित पेट्रोल पंप से यह 2000 लीटर डीजल लेकर निकले थे। इस अवैध ईंधन को बिहार के चैनपुर, भभुआ स्थित मेसर्स साकिर कंस्ट्रक्शन कंपनी, चांदपुर को डिलीवर किया जाना था। इस पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी चंदौली से आवश्यक अनुमति प्राप्त की गई। इसके बाद सैयदराजा थाने में आरोपियों के खिलाफ मु.अ.सं. 159/26 के तहत आवश्यक वस्तु अधिनियम (E C ACT) की धारा 3/7 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस अवैध तस्करी का भंडाफोड़ कर सफलता हासिल करने वाली सैयदराजा पुलिस टीम में मुख्य रूप से थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, हेड कांस्टेबल नसीरुद्दीन मोहम्मद हुमायु, कांस्टेबल शंकर प्रसाद और चालक हेड कांस्टेबल विरेश कुमार शामिल रहे, जिनकी मुस्तैदी से इस बड़ी खेप को पकड़ा जा सका।