पुलिस और इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़: 50 हजार का इनामी राजू मुसहर के पैर में पुलिस ने मारी गोली 

चंदौली के सैयदराजा इलाके में पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम की 50 हजार के इनामी बदमाश राजू मुसहर से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल इनामी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

सैयदराजा इलाके में पुलिस एनकाउंटर

50 हजार का इनामी राजू मुसहर घायल

डकैती मामले में चल रहा था फरार

पैर में गोली लगने से पकड़ाया बदमाश

अवैध असलहा और कारतूस बरामद

चंदौली जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सैयदराजा थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह घटना बुधवार की देर शाम हुई, जब क्राइम ब्रांच सर्विलांस सेल और सैयदराजा थाने की संयुक्त टीम इलाके में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

बदमाश ने की फायरिंग, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि डकैती के मामले में फरार चल रहा 50 हजार का इनामी राजू मुसहर इलाके में ही मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली राजू मुसहर के पैर में लगी और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

इलाज के लिए अस्पताल में कराया गया भर्ती
पुलिस टीम ने तुरंत घायल बदमाश को हिरासत में ले लिया और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार, उसके कब्जे से अवैध असलहा और कारतूस बरामद किए गए हैं। हालांकि, इस बरामदगी से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

डकैती के मामले में चल रहा था फरार
बताया जा रहा है कि पिछले दिनों सैयदराजा इलाके में हुई डकैती की एक घटना में राजू मुसहर लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। एनकाउंटर के बाद पुलिस ने इलाके में सघन जांच अभियान चलाया है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।