सुल्तानपुर से बिहार जा रही थी जानवरों की खेप, सैयदराजा पुलिस ने  बोलेरो मैक्स में 6 गायों के साथ तस्कर को दबोचा

 

सैयदराजा पुलिस ने जेठमलपुर के पास मुठभेड़ जैसी स्थिति के बाद एक शातिर गौतस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्कर ने भागने के प्रयास में पुलिस पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की। वाहन से 6 गोवंश और चापड़ बरामद किया गया है।

 
 

बोलेरो मैक्स से 6 गोवंश बरामद

पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास विफल

अयोध्या निवासी शातिर गौतस्कर अमरजीत गिरफ्तार

सुल्तानपुर से बिहार ले जाई जा रही थीं गायें

अभियुक्त के पास से अवैध चापड़ बरामद

चंदौली जिले में गौतस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सैयदराजा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस ने न केवल 6 गोवंशों को वध के लिए बिहार ले जाने से बचाया, बल्कि एक ऐसे दुस्साहसी तस्कर को भी दबोचा जिसने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर ही गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया।

जेठमलपुर के पास हुई नाटकीय गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) अनंत चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा की टीम जमनियां तिराहे पर संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक बोलेरो मैक्स (UP42 ET 1857) में गोवंशों को क्रूरतापूर्वक लादकर बिहार की ओर ले जाया जा रहा है।

पुलिस ने तत्काल नेशनल हाईवे-2 पर जेठमलपुर के पास घेराबंदी कर दी। जब संदिग्ध वाहन आता दिखा तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस कर्मियों को कुचलने का प्रयास करते हुए भागने लगा। हालांकि, तेज रफ्तार के कारण वाहन बैरियर और डिवाइडर से टकरा गया। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर चालक अमरजीत यादव निवासी अयोध्या को मौके पर ही धर दबोचा।

वाहन से बरामद हुए गोवंश और हथियार
पुलिस ने जब बोलेरो मैक्स की तलाशी ली, तो उसमें 6 गायें बेहद क्रूरता से लदी हुई मिलीं। इसके अलावा अभियुक्त के पास से एक लोहे का चापड़, मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई। पूछताछ में तस्कर ने कुबूल किया कि वह इन गोवंशों को सुल्तानपुर से इकट्ठा कर वध के लिए बिहार ले जा रहा था।

पुराना अपराधी है अमरजीत यादव
पकड़ा गया अभियुक्त अमरजीत यादव एक शातिर अपराधी है। उस पर पहले से ही सैयदराजा थाने में गौकशी और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है। पुलिस ने इस बार उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, आर्म्स एक्ट और पुलिस टीम पर हमला करने (बीएनएस की धाराओं) के तहत गंभीर मुकदमा दर्ज किया है।

इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा के साथ उप-निरीक्षक राजेश कुमार और उनकी टीम के अन्य कांस्टेबल शामिल रहे।