नाबालिग को भगाने वाला शिवम यादव अरेस्ट, सकलडीहा पुलिस ने दबोचकर भेजा जेल
नाबालिग को भगाने वाला आरोपी गिरफ्तार
6 महीने तक किशोरी को रखा साथ
पॉक्सो एक्ट के तहत हुई कड़ी कार्रवाई
तहसील सकलडीहा के पास से गिरफ्तारी
आरोपी को पुलिस ने भेजा जेल
चंदौली जिले की सकलडीहा कोतवाली पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
6 महीने बाद घर लौटी थी पीड़ित किशोरी
मामला घरचित गांव से जुड़ा है, जहां मार्च 2026 में एक नाबालिग लड़की अचानक गायब हो गई थी। आरोप है कि बलुआ क्षेत्र का रहने वाला एक युवक उसे बहला-फुसलाकर भगा ले गया था और करीब 6 महीने तक अपने पास रखा। सितंबर महीने में पीड़िता किसी तरह चंगुल से छूटकर घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई।
बयानों के आधार पर दर्ज हुई थी पॉक्सो एक्ट की धाराएं
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने शुरुआत में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद पीड़िता के कोर्ट में बयान दर्ज कराए गए। बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की गंभीर धाराएं जोड़ दी थीं।
तहसील के पास से हुई गिरफ्तारी
थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 25 सितंबर की सुबह करीब 8:40 बजे तहसील सकलडीहा के पास से आरोपी को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान 19 वर्षीय शिवम यादव (निवासी सोनहुला, थाना बलुआ) के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
आरोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक धूरेन्द्र प्रसाद रावत, हेड कांस्टेबल राजेंद्र प्रसाद यादव और कांस्टेबल प्रश्विन कुमार दुबे शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया है।