शहाबगंज में हनुमान मंदिर से मुकुट चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, ऐसे हुआ पड़रिया मंदिर चोरी कांड का खुलासा
पड़रिया हनुमान मंदिर चोरी का खुलासा
आरोपी महेंद्र चौहान पुलिस गिरफ्त में
दो हिस्सों में टूटा मुकुट बरामद
घंटा बेचने से मिले 500 रुपये जब्त
शहाबगंज पुलिस टीम को मिली सफलता
चंदौली जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़रिया गांव स्थित हनुमान मंदिर से मुकुट और घंटा चोरी होने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से चोरी हुआ सफेद धातु का मुकुट और 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
गांव के ही व्यक्ति पर लगा था चोरी का आरोप
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि पड़रिया गांव के निवासी मित्तन ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि गांव के ही रहने वाले महेंद्र चौहान ने हनुमान मंदिर से मुकुट और अन्य सामान चोरी कर लिया है। तहरीर मिलने के तुरंत बाद पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई थी।
मुखबिर की सूचना पर सेमरा पुलिया के पास घेराबंदी
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम इलाके में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि मंदिर में चोरी करने वाला आरोपी सेमरा पुलिया के पास यात्री प्रतीक्षालय के आसपास घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और महेंद्र चौहान (43 वर्ष) को धर दबोचा।
तलाशी में मिला टूटा मुकुट और नगदी
पुलिस द्वारा ली गई तलाशी में आरोपी महेंद्र चौहान के पास से सफेद धातु का मुकुट बरामद हुआ, जो दो हिस्सों में टूटा हुआ था। इसके साथ ही मंदिर से चोरी गए घंटे को बेचने के बाद मिले 500 रुपये नकद भी आरोपी के पास से बरामद किए गए। सामान की बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
चोरी के आरोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अंगद सिंह, कांस्टेबल बृजेश कुमार और कांस्टेबल संदीप जायसवाल शामिल रहे। पुलिस की इस तत्परता से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।