चोरी के पैसों से खरीदा ₹1.34 लाख का आईफोन और चमचमाती पल्सर बाइक, पुलिस के आगे उगल दिये सारे राज

 

चंदौली की शहाबगंज पुलिस ने तीन बड़ी चोरियों का खुलासा करते हुए 5 शातिर चोरों को दबोचा है। चोरों ने चोरी के पैसों से एक महंगा आईफोन और नई पल्सर बाइक खरीदी थी। पूरी रोमांचक खबर पढ़ें।

 
 

शहाबगंज पुलिस को बड़ी सफलता

पांच शातिर चोर हुए गिरफ्तार

चार मुकदमों का हुआ खुलासा

चोरी के पैसों से ऐश-मौज

आईफोन और दो बाइक बरामद

 चंदौली जिले की शहाबगंज थाना पुलिस ने इलाके में लगातार हो रही चोरियों पर लगाम कसते हुए एक बहुत बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने क्षेत्र में एक्टिव एक शातिर गैंग के 5 चोरों को गिरफ्तार किया है। इन चोरों के शौक इतने हाई-फाई थे कि इन्होंने चोरी के पैसों से लाखों रुपये का महंगा आईफोन और एक नई पल्सर बाइक खरीद डाली थी।

पुलिस ने इनके पास से दो मोटरसाइकिल और एक आईफोन-17 प्रो बरामद किया है। इस बड़ी कामयाबी से शहाबगंज और सैयदराजा थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के 4 अलग-अलग मुकदमों का एक साथ पर्दाफाश हो गया है।

ईंट भट्ठे के पास घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक (SP) आकाश पटेल के निर्देश पर जिले में चोरों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शहाबगंज के थानाध्यक्ष कृपेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 29 जून की रात को जेंगुरी ईंट भट्ठे के पास तगड़ी घेराबंदी की।

पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए चोरों में जेंगुरी गांव का प्रिंस कुमार, धरौली का विकास यादव उर्फ बर्फी, बगहीं कुम्भापुर का मन्नू यादव और बिहार के कैमूर जिले का विकास यादव उर्फ झगड़ू व जितेंद्र बिंद उर्फ शेरू शामिल हैं।

सूने मकानों और दिनदहाड़े जेवर उड़ाने का कबूला जुर्म
पुलिस की कड़ी पूछताछ में इन शातिर चोरों ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। चोरों ने बताया कि उन्होंने मिलकर इसी साल फरवरी के महीने में विशुनपुरा गांव के एक बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर भारी मात्रा में नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे।

इसके बाद अप्रैल में इन लोगों ने मानिकपुर गांव में भी हाथ साफ किया था। वहीं, 1 जून को इस गैंग ने मैढ़ी गांव में रहने वाले जायसवाल परिवार के घर में दिनदहाड़े घुसकर लाखों रुपये के गहने उड़ा दिए थे।

बनारस में बेचे जेवर, फिर खरीदे महंगे शौक के सामान
चोरों ने पुलिस को बताया कि विशुनपुरा और मैढ़ी गांव से चुराए गए सभी गहनों को उन्होंने वाराणसी के चौक गोविंदपुरा स्थित एक दुकान पर गलवा दिया था। उन जेवरों को बेचकर इन्हें करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद मिले थे।

इस रकम से इन्होंने सबसे पहले एक नई पल्सर मोटरसाइकिल खरीदी, जिसे पुलिस से बचने के लिए प्रिंस कुमार की बहन के नाम पर रजिस्टर कराया गया। इसके बाद अपनी जेब से करीब 1.34 लाख रुपये नकद गिनकर एक चमचमाता आईफोन-17 प्रो मोबाइल खरीदा। बाकी बचे पैसों को इन लोगों ने घूमने-फिरने और ऐश-मौज करने में उड़ा दिया।

पुलिस टीम को मिली वाहवाही, सभी भेजे गए जेल
थानाध्यक्ष कृपेन्द्र प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि चोरों के पास से बिना नंबर प्लेट की एक स्प्लेंडर बाइक (जो पहले चोरी की गई थी), नई पल्सर और आईफोन बरामद कर लिया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

इस शानदार खुलासे को करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष कृपेन्द्र प्रताप सिंह के साथ उपनिरीक्षक राजेन्द्र नाथ सिंह, शिवपूजन सिंह, कांस्टेबल राजू चौहान, रिक्रूट कांस्टेबल सचिन यादव, अंकित सिंह, नियाज अहमद, अमित पाल और अनुज पाण्डेय शामिल रहे, जिनकी लोग तारीफ कर रहे हैं।