शहाबगंज पुलिस ने मनचले शोहदे को दबोचा, मिशन शक्ति अभियान के तहत कार्रवाई

पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बालिकाओं के सम्मान और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
 

मिशन शक्ति अभियान में पुलिस की बड़ी सफलता

ऑपरेशन मजनू के तहत शोहदे को किया गिरफ्तार

त्रिपाठी चौराहा पर महिलाओं से छेड़छाड़ की कोशिश

चंदौली जिले के महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 और ऑपरेशन मजनू के तहत शहाबगंज थाना पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। थाना क्षेत्र के त्रिपाठी चौराहा के पास महिलाओं और बालिकाओं पर फब्तियां कस रहे एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।

आपको बता दें कि पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर और क्षेत्राधिकारी चकिया रघुराज के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष शहाबगंज अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने आरोपी को धर दबोचा।

गिरफ्तार युवक की पहचान आनंद पुत्र विपिन निवासी शहाबगंज, थाना शहाबगंज, जनपद चंदौली (उम्र लगभग 19 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी राह चलती महिलाओं को देखकर अश्लील गाने गा रहा था और टिप्पणी कर रहा था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुक़दमा अपराध संख्या -115/2025, धारा 296 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक संगम लाल द्विवेदी, हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार सिंह और महिला कांस्टेबल गीता शामिल रहे।

पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बालिकाओं के सम्मान और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम जनता से अपील की गई कि वे किसी भी तरह की छेड़छाड़ या अश्लील टिप्पणी की घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें।